भास्कर न्यूज | लुधियाना सलेम टाबरी इलाके में जालंधर बाईपास के नजदीक स्थित एक किराना दुकान पर देर रात चार युवकों ने धारदार हथियारों और पत्थरबाजी से हमला कर दिया। इस पूरी वारदात की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसमें आरोपी बेखौफ होकर दुकान को निशाना बनाते नजर आ रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित दुकानदार ललित कुमार ने बताया कि दो दिन पहले एक युवक उनकी दुकान पर सामान लेने आया था। इसी दौरान उसने गाली-गलौज की और जाते समय धमकी दी थी कि “अपना हिसाब लगा लेना।” उस वक्त उन्होंने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। ललित कुमार के अनुसार, बीती रात वही युवक अपने तीन साथियों के साथ मुंह ढककर दुकान पर पहुंचा। आरोपियों ने आते ही बिना कुछ कहे पत्थरबाजी शुरू कर दी और फिर धारदार हथियारों से दुकान पर हमला कर दिया। हमले में दुकान के शीशे टूट गए, फ्रिज को नुकसान पहुंचा और अंदर रखा सामान बिखर गया। इसके अलावा दुकान के बाहर खड़ी ललित कुमार की कार को भी क्षतिग्रस्त किया गया। इस दौरान ललित कुमार को भी चोटें आई हैं। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चारों युवक दुकान पर पहुंचते ही लगातार पत्थर फेंकते हैं और धारदार हथियारों से तोड़फोड़ करते हैं। करीब 5 से 7 मिनट तक हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने देर रात मेडिकल जांच करवाई और एल्डिको पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.