Kamlesh Sharma Sikar Startup Success Story: सीकर के 12वीं पास कमलेश शर्मा ने 2 करोड़ टर्नओवर का वाद्ययंत्र स्टार्टअप खड़ा किया है. उनके बनाए बैंजो 18 देशों में बिकते हैं और ए.आर. रहमान जैसे दिग्गज संगीतकार भी इनके ग्राहक हैं.
कमलेश शर्मा के इस स्टार्टअप की कहानी साल 2021 में शुरू हुई थी. उन्होंने अपने भाई कृष्णा शर्मा और पिता लालचंद शर्मा के साथ मिलकर ‘द कमलेश’ (The Kamlesh) ब्रांड की नींव रखी. शुरुआत में उनके पास बहुत बड़ी पूंजी नहीं थी, उन्होंने केवल 5 से 7 लाख रुपये के सीमित निवेश से भारतीय पारंपरिक वाद्ययंत्र ‘इंडियन बैंजो’ की मैन्युफैक्चरिंग इकाई स्थापित की. कोरोना काल के कठिन समय के बाद जब कमलेश अपने गांव लौटे, तो उन्होंने तय किया कि वे स्थानीय स्तर पर ही उत्पादन करेंगे. उन्होंने वाद्ययंत्रों की गुणवत्ता और उनकी ध्वनि की बारीकियों पर विशेष ध्यान दिया, जिसका परिणाम आज सबके सामने है. चालू वित्त वर्ष में उनके ब्रांड का टर्नओवर 2 करोड़ रुपये के जादुई आंकड़े को छूने वाला है.
18 देशों में पहुंच और ए.आर. रहमान का साथ
सीकर की मिट्टी से बने ये वाद्ययंत्र आज केवल भारत की सीमाओं तक सीमित नहीं हैं. कमलेश ने बताया कि उनके द्वारा निर्मित इंडियन बैंजो आज अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा सहित दुनिया के 18 से अधिक देशों में एक्सपोर्ट किए जा रहे हैं. सीकर का यह परिवार करीब 19 साल तक सूरत में रहा था, जहाँ से कमलेश ने संगीत की शुरुआती बारीकियां सीखीं. उनके बैंजो की कीमत 8 हजार रुपये से शुरू होकर 35 हजार रुपये तक जाती है. कमलेश के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि तब रही जब ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने उनके बनाए वाद्ययंत्रों का उपयोग किया. यह किसी भी भारतीय निर्माता के लिए गौरव का क्षण है.
डिजिटल क्रांति और भविष्य के सपने
कमलेश की सफलता के पीछे उनके यूट्यूब चैनल का भी बड़ा हाथ है. साल 2016 से वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वाद्ययंत्र बजाना सिखा रहे हैं और आज उनके 7 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं. इसी पहचान ने उन्हें एक ग्लोबल ब्रांड बनाने में मदद की. हाल ही में उन्होंने ‘हंसमाला’ नाम से एक नया ब्रांड भी शुरू किया है और भविष्य में वे हारमोनियम, ढोलक और अन्य पारंपरिक वाद्ययंत्रों का निर्माण भी बड़े स्तर पर करने की योजना बना रहे हैं. कमलेश शर्मा की यह कहानी आज के युवाओं को यह संदेश देती है कि गांव की गलियों से निकलकर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का ब्रांड खड़ा किया जा सकता है.
About the Author
Vicky Rathore is a multimedia journalist and digital content specialist with 8 years of experience in digital media, social media management, video production, editing, content writing, and graphic, A MAJMC gra…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.