सीकर जिले के दांतारामगढ़ में बाबा बालीनाथ की तपोस्थली और उनके श्राप से जुड़ी किले की रहस्यमयी कथा आज भी लोगों को मंत्रमुग्ध कर देती है. यहां का मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है, जबकि ऐतिहासिक किला क्षेत्र की समृद्ध विरासत की याद दिलाता है.
सीकर जिले का दांतारामगढ़ क्षेत्र धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से बहुत खास है. यह स्थान लोकदेवता बाबा रामदेवजी के गुरु, बाबा बालीनाथ, की तपोस्थली के रूप में प्रसिद्ध है. मान्यता है कि बाबा बालीनाथ ने यहां लंबे समय तक कठोर तपस्या की थी. उनकी साधना और तप के कारण यह भूमि पवित्र मानी जाती है. आज भी यहां श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने आते हैं.

दांतारामगढ़ में स्थित बाबा बालीनाथ का मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है. यह मंदिर अपनी भव्यता और धार्मिक महत्व के लिए जाना जाता है. मंदिर में बाबा बालीनाथ की चरण पादुका स्थापित है, जिनकी विशेष पूजा-अर्चना की जाती है. श्रद्धालुओं का विश्वास है कि चरण पादुका के दर्शन से कष्ट दूर होते हैं. भक्त इस मंदिर में सवामणी की प्रसाद लेके आते हैं.

इस क्षेत्र का ऐतिहासिक महत्व भी कम नहीं है. बताया जाता है कि वर्ष 1744 में ठाकुर गुमानसिंह ने दांतारामगढ़ के दक्षिणी भाग में बहने वाली नदी के दक्षिण-पश्चिमी छोर पर स्थित पहाड़ी पर एक मजबूत किले का निर्माण करवाया था. यह किला उस समय सामरिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण था और आसपास के क्षेत्र पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से बनाया जा रहा था.
Add News18 as
Preferred Source on Google

जिस पहाड़ी पर ठाकुर गुमानसिंह ने किले का निर्माण करवाया, वही पहाड़ी बाबा बालीनाथ की तपस्या स्थली थी. कहा जाता है कि बाबा बालीनाथ इसी पहाड़ी पर एकांत में बैठकर ध्यान और साधना किया करते थे. यह स्थान उनके लिए बहुत पवित्र था और वे यहां वर्षों तक तप में लीन रहकर ईश्वर आराधना में लगे रहे.

किले के निर्माण के दौरान ठाकुर गुमानसिंह ने बाबा बालीनाथ से उस स्थान से चले जाने के लिए कहा. इससे बाबा बालीनाथ बहुत रूष्ट हो गए. उन्होंने वह पवित्र स्थान छोड़ने का निर्णय तो लिया, लेकिन जाते समय उन्होंने ठाकुर गुमानसिंह को श्राप दे दिया. कहते हैं कि बाबा बालीनाथ के श्राप का प्रभाव शीघ्र ही देखने को मिला.

स्थानीय लोगों के अनुसार, किले के निर्माण के कुछ समय बाद ही वहां एक भीषण विस्फोट हुआ. इस विस्फोट में ठाकुर गुमानसिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई. इस घटना को लोगों ने बाबा बालीनाथ के श्राप से जोड़कर देखा और यह कथा लोककथाओं में प्रचलित हो गई. इसके बाद बाबा बालीनाथ की चरण पादुका को किले के एक छोर पर मंदिर बनाकर स्थापित कर दिया गया. ठाकुर गुमानसिंह के वंशज आज भी इस मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं और क्षमा मांगकर उनकी पूजा करते हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.