दुकानों में चोरी करते चोर सीसीटीवी कैमरे में हुआ कैद
कोटा में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। आरकेपुरम थाना क्षेत्र के आवली रोजड़ी इलाके में बीती रात चोरों ने एक के बाद एक तीन दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोर देर रात पलक निधि बिल्डिंग मटेरियल की दुकान में घुसे, जहां ताले तोड़कर करीब 15 हजार रुपये की नकदी के साथ सोने-चांदी के सिक्के और अन्य सामान चुरा ले गए। इसके बाद चोरों ने शिव कृपा मार्बल को निशाना बनाया, जहां से 57 हजार रुपये की नकदी और करीब 60 हजार रुपये मूल्य का अन्य माल पार कर लिया। तीसरी और सबसे बड़ी चोरी श्रीराम ज्वेलर्स में हुई, जहां से चोर करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवरात सहित लगभग तीन लाख रुपये का माल चुराकर फरार हो गए।
मार्बल व्यापारी देवा ने बताया कि मेरी मार्बल ग्रेनाइट टाइल्स लोहे की दुकान है। कल रात में मुझे अचानक बाजार जाना पड़ गया मेने अपने बेटे को दुकान पर बैठा दिया था। मेरे आने से पहले उसने दुकान बंद कर दी और गले में 57 हजार और कुछ और रुपए पड़े थे कुल मिलाकर मेरी दुकान में 70 से 75 हजार की चोरी हुई। तीन दिन पहले भी पास में हनुमान मंदिर के वहां चोरी हुई आए दिन चोरी होती रहती है लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती।
पलक निधि बिल्डिंग मैटेरियल सप्लाई दुकानदार के मालिक जोधराज मीणा ने बताया कि मेरी दुकान में 15 हजार रुपए नगद और दो चांदी के सिक्के गल्ले में थे। चोरों ने दुकान का शटर का ताला तोड़ अंदर घुसे और रुपए निकाल ले गए।
श्रीराम ज्वेलर्स के मालिक सागर सोनी ने बताया कि मेरी दुकान से चांदी की पायल और कच्चा माल कुल साढ़े तीन लाख रुपए की चोरी हुई। इससे पहले भी चोरी की वारदात हो चुकी है।
इलाके में चोरियां होने से व्यापारियों की चिंता और बढ़ गई है। लगातार हो रही चोरियों से पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल आरकेपुरम थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है और चोरों की तलाश की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.