सरायकेला जिले के चांडिल अनुमंडल के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार को कारकी डीह नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव उपलाता मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हलचल मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में शव देखकर तत्काल ईचागढ़ थाना को सूचित किया। सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकाला।
लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने आसपास के सभी थाना क्षेत्रों को इस संबंध में जानकारी भेजी है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में शव से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू की छानबीन की जा रही है।
घटनास्थल पर नदी किनारे बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। पुलिस ने लोगों से मृतक से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी होने पर तुरंत थाना को सूचित करने की अपील की है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.