लुधियाना में कस्बा मुल्लापुर दाखा में रविवार शाम चाइना डोर की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। यह घटना रायकोट रोड पर हुई, जब महिला अपनी मौसी की बेटी के विवाह की खरीददारी के लिए बाजार जा रही थी। मृतका की पहचान अकालगढ़ निवासी सरबजीत कौर उर्फ जसलीन कौर पत्नी मनदीप सिंह के रूप में हुई है। वह मुल्लापुर दाखा के रायकोट रोड पर एक फूड प्वाइंट चलाती थीं। मृतक महिला की शादी 2021 में हुई है। हवा में चाइना डोर गले से लिपटी जानकारी के अनुसार, सरबजीत कौर स्कूटी पर सवार होकर रायकोट रोड बाजार जा रही थीं। गुरुद्वारा साहिब के पास अचानक हवा में उड़ रही चाइना डोर उनके गले में लिपट गई। चाइना डोर की तेज धार से उनका गला बुरी तरह कट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर स्कूटी से गिर पड़ीं। राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया घटना के बाद, मौके पर मौजूद राहगीर दीपा ढट्ट और मनदीप ढट्ट ने उन्हें अपनी गाड़ी से एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर उपलब्ध न होने के कारण उन्हें लुधियाना के एक बड़े अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका का एक बच्चा मृतका अपने पीछे दो साल का एक बच्चा युवराज छोड़ गई हैं। परिजनों ने प्रशासन से चाइना डोर की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और ऐसे खतरनाक धागे से पतंग उड़ाने वाले बच्चों व उनके अभिभावकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चाइना डोर पहले भी कई लोगों की जान ले चुकी है। इसके बावजूद इस पर प्रभावी रोक न लगना चिंता का विषय है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.