Uttarakhand Live: बर्फबारी देखने जा रहे युवकों की मौत
देहरादून स्थित चकराता के सेंज गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई. दोनों युवक बर्फबारी देखने चकराता जा रहे थे, तभी सेंज गांव के पास उनकी स्कूटी को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही स्कूटी अनियंत्रित हो गई, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी. हादसा चकराता क्षेत्र के सेंज के पास हुआ है.
बर्फबारी से खिले पर्यटकों के चेहरे
हालांकि उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने से पर्यटकों और व्यापारियों के चेहरे खिल उठे और अच्छी खासी संख्या में सैलानी पहाड़ों पर बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पहुंचे तो वहीं दूसरी और स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. हिमपात के बाद जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है, उनके सामने कई चुनौतियां देखने के लिए मिल रही हैं. चकराता में 5 से 6 इंच बर्फ गिरने से यातायात में बाधा भी हुई, वहीं इन पहाड़ी इलाकों में पेयजल पाइपलाइन भी जम गई. पर्वतीय ग्रामीण इलाकों में संचार और विद्युत सेवाएं मौसम में हुए बदलाव के चलते प्रभावित हुई हैं. सड़कों से प्रशासन की ओर से लगातार बर्फ हटाई गई ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को यातायात में दिक्कतों का सामना न करना पड़े. मौसम विभाग से मिले जानकारी के मुताबिक आज भी राज्य के कुछ जिलों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है.
आज भी उत्तराखंड के इन जिलों में बारिश और बर्फबारी
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ सी एस तोमर ने जानकारी देते हुए कहा है कि आज यानी रविवार को उत्तराखंड के बागेश्वर, पिथौरागढ़ , उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. राज्य के लगभग 2800 मीटर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात देखने के लिए मिल सकता है. वहीं दूसरी और देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में कुहासा छाए रहने की संभावना है. वहीं अन्य शेष जिलों का मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है. उन्होंने बताया कि 26 जनवरी यानि सोमवार को एक बार फिर राज्य में फिर वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहुंचने की संभावना है जिसके चलते अच्छी मात्रा में बारिश और बर्फबारी देखने के लिए मिल सकती है. खासकर 2500 मीटर ऊंचाई वाले उच्च हिमालय क्षेत्र में हिमपात होने की आशंका है. आज देहरादून में आसमान साफ रहेगा. हालांकि सुबह के वक्त कुहासा देखने के लिए मिल सकता है. आज देहरादून का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
मुक्तेश्वर का न्यूनतम तापमान शून्य से भी नीचे
मौसम विभाग के अनुसार बीते रोज, बीते रोज देहरादून का अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंतनगर का अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा. मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान -1.2 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि नई टिहरी का अधिकतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान -2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.