Jaipur Driving License Automated Track Online RTO Rules 2026: जयपुर के जगतपुरा आरटीओ में ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और सख्त कर दिया गया है. ऑटोमेटेड ट्रैक पर बिना किसी एरर के टेस्ट पास करने पर ही अब लाइसेंस मिल पा रहा है. इस सख्ती और दलालों की भूमिका खत्म होने के बाद टेस्ट पास करने वालों की संख्या में भारी गिरावट आई है और अब 10 में से केवल 1 या 2 लोग ही सफल हो रहे हैं.
जगतपुरा में बना यह ऑटोमेटेड ड्राइविंग लाइसेंस ट्रैक अब पूरी तरह से तकनीक पर आधारित है. यदि आपने इस ट्रैक पर ‘H’ और ‘8’ का आकार पूरी तरह से बना लिया, वह भी बिना किसी एरर के, तभी आपको ड्राइविंग लाइसेंस मिल सकता है. टेस्ट के दौरान अगर जरा भी एरर आता है, तो सेंसर तुरंत उसे पकड़ लेते हैं और आवेदक को फेल कर दिया जाता है. फेल होने की स्थिति में आवेदक को लाइसेंस के लिए फिर से आवेदन करना पड़ेगा. आरटीओ प्रथम राजेंद्र सिंह के अनुसार, इस सिस्टम का उद्देश्य केवल कुशल चालकों को ही सड़क पर उतरने की अनुमति देना है.
दलालों का दखल पूरी तरह से खत्म
यह ट्रैक लगभग 10 साल पुराना है, लेकिन यहाँ लंबे समय से दलालों का जबरदस्त दखल बना हुआ था. पहले दलालों के जरिए लोग यहाँ पहुँचते थे और आसानी से ड्राइविंग लाइसेंस बनवा लेते थे. लेकिन अब विभाग ने यहाँ दलालों की भूमिका को बिल्कुल खत्म कर दिया है. अब यह ट्रैक पूरी तरह से ऑनलाइन है और मानवीय हस्तक्षेप की कोई गुंजाइश नहीं बची है. अगर आप सही तरह से टेस्ट देते हैं, तो महज एक मिनट के अंदर आपका लाइसेंस ऑनलाइन बनकर तैयार हो जाएगा. दलालों की छुट्टी होने से पूरी प्रक्रिया अब पारदर्शी हो गई है.
लाइसेंस आवेदकों की संख्या में भारी गिरावट
जयपुर में आए दिन हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया को इतना सख्त बनाया गया है. ऑटोमेटेड ट्रैक के पूरी तरह ऑनलाइन होने के बाद हालात यह हैं कि जहाँ पहले रोजाना 100 लोग लाइसेंस बनाने आते थे, वहाँ अब केवल 8 से 10 लोग ही पहुँच रहे हैं. वर्तमान स्थिति में 10 में से मुश्किल से 1 या 2 व्यक्ति का ही लाइसेंस बन पा रहा है. इसके अलावा, अब जिला बदलने पर भी दूसरी जगह से लाइसेंस नहीं मिल सकेगा. इस सख्ती का असर अब साफ तौर पर आरटीओ कार्यालयों में दिखाई दे रहा है.
About the Author

Vicky Rathore is a multimedia journalist and digital content specialist with 8 years of experience in digital media, social media management, video production, editing, content writing, and graphic, A MAJMC gra…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.