यमुनानगर के थाना जठलाना क्षेत्र के गांव खजुरी में आज शनिवार देर शाम दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिसमें दोनों की मौत हो गई, जबकि तीसरा घायल है। मृतकों की पहचान गांव नागल निवासी आदित्य (22) और उसके दोस्त खजूरी निवासी राज कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों को कॉलेज से जुड़े पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने कॉलेज के ही एक स्टूडेंट ने गांव खजुरी बुलाया गया था। बातचीत के दौरान अचानक कहासुनी बढ़ गई और मामला झगड़े में बदल गया। इसी दौरान आरोपियों ने युवकों की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीजीआई ले जाते तोड़ा दम आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सिविल अस्पताल यमुनानगर रेफर कर दिया गया। सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया, जबकि राज कुमार की हालत नाजुक होने के कारण उसे पीजीआई रेफर किया गया, लेकिन उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। वारदारत में विक्रांत घायल है। घटना की सूचना मिलते ही थाना जठलाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एहतियात के तौर पर गांव खजुरी और सिविल अस्पताल में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। आदित्य इकलौता बेटा था फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या पुराने विवाद की आशंका जता रही है। वारदात के बाद आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जांच जारी है। मृतक आदित्य के चाचा रक्षित ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि आदित्य को चाकू मार दिया गया है। आदित्य खालसा कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र था। बताया जा रहा है कि जिस युवक से उसका विवाद हुआ, वह भी उसी कॉलेज में पढ़ता था। आदित्य अपने परिवार का इकलौता बेटा था, जिससे परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.