जिले में सड़क किनारे बेहोश हालत में मिले प्राइवेट स्कूल के नवविवाहित शिक्षक की मौत का मामला अब सुनियोजित हत्याकांड में बदल गया है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मृतक की पत्नी ने अपने पुराने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। प्रेम-प्रसंग को बचाने के लिए इस वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
श्रीगंगानगर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि 30 जनवरी की रात करीब 9 बजे रावला थाना क्षेत्र के गांव 01 केएलएम की सड़क पर आशीष कुमार (27) और उसकी पत्नी अर्जु उर्फ अंजली (23) बेहोशी की हालत में पड़े मिले थे। दोनों को रावला सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में मामला सड़क हादसा या लूटपाट का प्रतीत हो रहा था लेकिन गहन जांच में सच्चाई सामने आ गई।
ये भी पढ़ें: PM मोदी से मिले डॉ. लक्ष्यराज सिंह, प्रधानमंत्री को दिया मेवाड़ आने का निमंत्रण, संसद भवन में हुई मुलाकात
मृतक आशीष कुमार, पुत्र रामरत्न, गांव 01 केएलएम का निवासी था। उसकी शादी महज तीन महीने पहले अंजली से हुई थी। अंजली इस शादी से खुश नहीं थी और कुछ ही दिनों बाद मायके चली गई थी। वहां उसने अपने पुराने प्रेमी संजय उर्फ संजू (25) से संपर्क कर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
योजना के तहत अंजली वापस ससुराल लौटी और रोज की तरह रात में खाना खाने के बाद पति को घूमने का बहाना बनाकर सूनसान सड़क पर ले गई। 30 जनवरी की रात उसने संजय को फोन किया। संजय अपने साथियों रोहित उर्फ रॉकी (20) और बादल उर्फ सिद्धार्थ (20) के साथ पहले से झाड़ियों में छिपा हुआ था। आशीष और अंजली के वहां पहुंचते ही अंजली के इशारे पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से आशीष पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वह बेहोश हो गया, इसके बाद मफलर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद अंजली ने आशीष का मोबाइल फोन और अपने कानों के झुमके आरोपियों को दे दिए, ताकि घटना को लूटपाट या सड़क हादसे का रूप दिया जा सके। खुद अंजली भी बेहोशी का नाटक करती रही। आशीष के चाचा बजीर चंद ने पुलिस में रिपोर्ट दी थी कि भतीजा और उसकी पत्नी घूमने गए थे, जहां किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से पुलिस को शक हुआ और जांच में पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.