वाल्मीकि टाइगर रिज़र्व की सीमा से सटे नेपाल के चितवन राष्ट्रीय निकुंज में चल रही बाघों की गणना का पहला चरण पूरा कर लिया गया है.सोमवार को पहले चरण के कार्य की समाप्ति के बाद नवलपरासी ज़िले के त्रिवेणी और अमलतारी वन क्षेत्र के साथ पश्चिमी सेक्टर के कसरा और बरांडा भार क्षेत्र में लगाए गए सभी स्वचालित कैमरों को निकाल लिया गया है.
पूरा हुआ पहली गणना का कार्य
चितवन राष्ट्रीय निकुंज के सूचना अधिकारी अविनाश थापा से मिली जानकारी के अनुसार, गणना के पहले चरण में करीब 150 कर्मियों की टीम को लगाया गया था. इसके साथ ही नवलपरासी जिला समेत पश्चिमी सेक्टर में कुल 286 ग्रिड बनाए गए थे. प्रत्येक दो किलोमीटर पर एक ग्रिड तैयार कर वहां एक जोड़ी स्वचालित कैमरा लगाया गया था. मजे की बात यह है कि पहले चरण के सभी कैमरों से प्राप्त डेटा का संकलन और विश्लेषण शुरू भी कर दिया गया है. जहां तक बात दूसरे चरण की गणना की है तो इसे सौराहा, खगेंद्रमल्ल, सिमरा, सोमेश्वर, बगई, आबुआ और शिकारीवास क्षेत्रों में किया जाना है, जिसके लिए कुल 336 ग्रिड तैयार किए गए हैं.
ऐसे की जाती है बाघों की पहचान
बकौल अधिकारी, मार्च 2026 तक पूरी गणना प्रक्रिया को संपन्न करने का लक्ष्य रखा गया है. करीब तीन महीने तक चलने वाली इस बाघ गणना में स्वचालित कैमरों से ली गई तस्वीरों के आधार पर बाघों की पहचान की जाएगी. विशेषज्ञ बताते हैं कि बाघ के शरीर पर मौजूद काली धारियों के आधार पर उनकी पहचान की जाएगी. दरअसल, इंसानी फिंगर प्रिंट की तरह ही बाघों की धारियों पर बने विशेष पैटर्न भी एक दूसरे से भिन्न होते हैं. इन्हीं के आधार पर उनकी पहचान की जाती है. इसके लिए सॉफ्टवेयर आधारित एससीसीआर विधि का उपयोग किया जाएगा.
वर्ष 2022 की गणना में 355 बाघों का आंकड़ा
गणना में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो इसलिए विशेषज्ञों की टीम एकत्रित किए गए डेटा का दो बार परीक्षण करेगी. सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद बाघ गणना का अंतिम परिणाम 29 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर सार्वजनिक करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 में हुई पिछली बाघ गणना में पूरे नेपाल में कुल 355 बाघ पाए गए थे. इनमें से चितवन राष्ट्रीय निकुंज में 128, बर्दिया में 25, बांके में 25, परसा में 41 और शुक्लफांटा राष्ट्रीय निकुंज में 36 बाघों की मौजूदगी दर्ज की गई थी.
About the Author

जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.