Ujjain Dog Bite Case: महिदपुर में एक आवारा कुत्ते ने करीब 40 लोगों पर हमला कर घायल कर दिया. नगर पालिका टीम ने रात में कुत्ते को पकड़ा, लेकिन उसकी मौत हो गई. घायलों को अस्पताल में एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिए गए. जानें क्या हुआ था…
उज्जैन से लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित महिदपुर एक शांत कस्बा है, लेकिन बुधवार की सुबह यहां की सड़कें खौफ की चपेट में आ गईं. टेंशन चौराहा, कीर्तनिया बाखल और आसपास के क्षेत्रों में यह कुत्ता अचानक राहगीरों पर झपट पड़ा. एक के बाद एक लोगों को काटते हुए आगे बढ़ता चला गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ता बेहद आक्रामक था. लोगों को देखते ही हमला कर रहा था. सड़क पर चल रहे पैदल यात्री, साइकिल सवार और यहां तक कि दुकानदार भी इसका शिकार बने. घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं, जिनमें से कई को गंभीर चोटें आईं. असप्ताल में पीड़ितों की भीड़ लग गई.
अस्पतालों में घायलों की लाइन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घबराहट में इधर-उधर भागने लगे. कुछ ने पत्थर मारकर कुत्ते को भगाने की कोशिश की, लेकिन वह और उग्र हो गया. सूचना पर नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दर्जनों लोग डॉग बाइट से प्रभावित होकर अस्पताल जा चुके थे. अस्पतालों में घायलों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिए गए और प्राथमिक उपचार किया गया. डॉक्टरों का कहना है कि ऐसी घटनाओं में रेबीज का खतरा रहता है, इसलिए घायलों को नियमित फॉलो-अप की सलाह दी गई है.
मौत का कारण नहीं चला पता…
रात में स्वच्छता निरीक्षक उमेश दावरे के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम ने विशेष अभियान चलाकर कुत्ते को पकड़ा. टीम ने जाल और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल किया. पकड़े जाने के बाद कुत्ते को जांच के लिए ले जाया गया, लेकिन कुछ ही घंटों में उसकी मौत हो गई. मौत का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन आशंका है कि वह बीमार या घायल था. स्थानीय निवासियों ने बताया कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है, जो अक्सर झुंड में घूमते हैं. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे कुत्तों को पकड़कर स्टेरलाइजेशन किया जाए और शहर को सुरक्षित बनाया जाए.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.