गयाजी सरकारी बस पड़ाव पर शनिवार को परिवहन मंत्री श्रवण कुमार अचानक पहुंचे। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड की बदहाली, अव्यवस्था और निजी बसों की मनमानी पर मंत्री का रुख सख्त दिखा। साफ कहा कि सरकारी बस पड़ाव से निजी बसों का संचालन किसी भी हाल में नहीं होगा
परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। मंत्री ने अधिकारियों को मौके पर ही कई जरूरी निर्देश दिए। कहा कि नीतीश कुमार सरकार की प्राथमिकता आम लोगों को सुरक्षित, सुलभ और सम्मानजनक परिवहन सुविधा देना है। बस स्टैंड को यात्रियों के अनुकूल बनाया जाएगा।
मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकारी बस पड़ाव के आसपास से निजी संचालित बसों को हटाया जाएगा। निजी बस मालिकों को नोटिस भेजी जाएगी। सरकारी परिसर में किसी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं होगी। इससे यात्रियों को भी असुविधा होती है और व्यवस्था बिगड़ती है।
गयाजी बस स्टैंड पर औचक निरीक्षण के दौरान मंत्री।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पिंक बस योजना पर भी विस्तार से जानकारी दी। बताया कि आज वे औरंगाबाद से आए हैं। जहां महिलाओं के लिए संचालित पिंक बस सेवा को और मजबूत किया जा रहा है। बिहार में पहली बार पिंक बसों का संचालन पूरी तरह महिला चालक, सहचालक और कर्मियों के हाथ में होगा। इसके लिए एक महीने का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि प्रशिक्षण बैच में 21 महिलाओं का चयन किया गया है। इनमें से 19 महिलाएं प्रशिक्षण में शामिल हुई हैं। दो किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो सकीं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद महिलाएं नियमित रूप से पिंक बस का संचालन करेंगी। इसका मकसद महिलाओं के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद आवागमन सुनिश्चित करना है।अंत में मंत्री ने कहा कि गयाजी बस स्टैंड के विकास और पिंक बस सेवा के विस्तार को लेकर पटना में अधिकारियों के साथ जल्द बैठक होगी।