स्वीप के तहत निकाली गई मतदाता जागरूकता रैली
अपर कलेक्टर सुनील नायक ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वीप सरगुजा के अंतर्गत सेंट जेवियर बीएड कॉलेज के छात्र एवं छात्राओं द्वारा नगर में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई. रैली के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने वोटर आईडी से संबंधित जानकारी समय रहते पूर्ण करें और आगामी चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करें.
एसआईआर के तहत दस्तावेज जमा करने की अपील
अपर कलेक्टर ने बताया कि वर्तमान में चल रही एसआईआर प्रक्रिया के तहत ऐसे मतदाता, जिनका नाम पहले से जुड़ा हुआ है लेकिन आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं कर पाए हैं, वे अब भी दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं. इसके साथ ही जिन मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में नहीं है और जिन्होंने गणना प्रपत्र नहीं भरा है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज जमा कर अपना नाम जुड़वा सकते हैं.
18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं को एडवांस में मौका
रैली के दौरान युवाओं को विशेष रूप से यह जानकारी दी गई कि जो युवा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करेंगे, वे पहले से ही अपना आवेदन फॉर्म भर सकते हैं. संबंधित तिथि आते ही उनका नाम स्वतः मतदाता सूची में जोड़ दिया जाएगा. छात्रों ने कॉलेजों और युवाओं को इस प्रक्रिया के लिए प्रेरित किया.
2003 के बाद नाम न होने पर 13 प्रकार के दस्तावेज मान्य
अपर कलेक्टर सुनील नायक ने बताया कि जिनका नाम वर्ष 2003 में मतदाता सूची में नहीं है, उनके लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 13 प्रकार के वैध दस्तावेजों की सूची जारी की गई है. इन दस्तावेजों के आधार पर भी मतदाता सूची में नाम जोड़ा जा सकता है.
एक-एक वोट की अहमियत समझाना उद्देश्य प्रिंसिपल
सेंट जेवियर बीएड कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. फादर कल्यानूनस मिंज ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत हर वर्ष अलग-अलग विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाती हैं. इस वर्ष का विषय “वोटर आईडी एवं वोटर्स अवेयरनेस प्रोग्राम” था, जिसका मुख्य संदेश है कि एक-एक वोट कीमती है.
मतदान नागरिक का प्रथम कर्तव्य
प्रिंसिपल ने कहा कि मतदान के माध्यम से ही नागरिक अपने देश और प्रशासन के लिए सही प्रतिनिधि का चुनाव करता है. दुर्भाग्यवश आज भी कई लोग वोटिंग को गंभीरता से नहीं लेते और मतदान से दूर रहते हैं. एक अच्छे नागरिक का यह प्रथम कर्तव्य है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग करें और अच्छे शासन के निर्माण में योगदान दें.
एसआईआर को लेकर जागरूकता
एसआईआर को लेकर प्रिंसिपल ने कहा कि भले ही इस विषय में अधिकृत जानकारी साझा करने की अनुमति नहीं है, लेकिन व्यक्तिगत रूप से उनका मानना है कि एसआईआर के माध्यम से उन लोगों को जागरूक करना जरूरी है जिनका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है या जो अलग-अलग स्थानों पर निवास के कारण मतदान से वंचित रह जाते हैं. नागरिकों को यह पता होना चाहिए कि उनका नाम कहां दर्ज है और वे वहां जाकर मतदान अवश्य करें.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.