हनुमानगढ़ में गोलूवाला थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत के दौरान मारपीट के आरोपों को लेकर शुक्रवार को एसपी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों और परिजनों ने इस प्रदर्शन में भाग लिया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच तथा सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि हांसलिया निवासी अमरजीत सिंह बावरी को चोरी के आरोप में हिरासत में लिया गया था। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल जांच के बाद उसे कोर्ट में पेश करने से पहले एक बंद कमरे में बेरहमी से पीटा गया। इस मारपीट के कारण अमरजीत के दोनों हाथों की कलाई में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। कोर्ट में पेशी के दौरान अमरजीत की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे पीलीबंगा सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत के चलते उसे हनुमानगढ़ रेफर किया गया। इस घटना के बाद परिजनों और सामाजिक संस्थाओं में गहरा रोष व्याप्त है।
एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि यदि पुलिस हिरासत में ही नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती, तो आमजन का पुलिस पर भरोसा कैसे कायम रहेगा। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने और उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने इस मामले को राज्य और केंद्रीय मानवाधिकार आयोग के संज्ञान में लाने की बात भी कही। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन स्वीकार किया और मामले की जांच का आश्वासन दिया। इस दौरान रघुवीर वर्मा, शेर सिंह, जसविंदर धारीवाल, रफीक लोधी, रविंद्र बावरी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.