औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल ने आज सिमरा थाना परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में उन्होंने आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को निष्पक्ष समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान कुल 68 मामले सामने आए, जिनमें 90 प्रतिशत से अधिक मामले भूमि विवाद से संबंधित थे। कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया गया, जिससे फरियादियों को तत्काल राहत मिली।
जनता दरबार की सूचना पर सिमरा थाना क्षेत्र के अलावा रिसियप थाना क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। फरियादियों ने एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं। एसपी ने सभी मामलों को एक-एक कर गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
जनता दरबार में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे लोग
सिमरा थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी कृष्ण सिंह जनता दरबार में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के ही विजय यादव अवैध रूप से उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहता है, जबकि जमीन के केवाला और रसीद उनके नाम पर दर्ज हैं।
जनता दरबार में लोगों का फरियाद सुनते एसपी अंबरीश राहुल।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने संबंधित अंचल और थाना स्तर के अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ढिबरा गांव निवासी उदय गिरि ने गांव के ही कन्हाई चौहान पर रास्ता अवरुद्ध करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि कन्हाई चौहान ने घर के बगल की खाली पड़ी जमीन में मकान का निर्माण करा लिया है, जिससे उनका आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गया है।
इस पर एसपी ने स्पष्ट किया कि यदि निर्माण निजी भूमि पर किया गया है, तो पुलिस इसमें हस्तक्षेप नहीं कर सकती, हालांकि राजस्व स्तर पर जांच कराई जा सकती है। रिसियप थाना क्षेत्र के सत्यनारायण राम ने अपने पिता स्वर्गीय भीखर राम को साल 1976 में मिली 1.20 एकड़ पर्चा भूमि पर अब तक कब्जा नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि जमीन मिलने के बावजूद वर्षों से उस पर दूसरे लोगों का कब्जा है।
एसपी ने इस मामले को भी संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया। जनता दरबार के दौरान स्थानीय लोगों ने सिमरा बाजार में सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण कर निर्माण किए जाने की भी शिकायत की। इस पर एसपी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग
कर्मा बसंतपुर गांव निवासी शैलेंद्र कुमार सिंह ने शराबबंदी को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सिमरा थाना क्षेत्र में तो शराब की बिक्री नहीं हो रही है, लेकिन आसपास के रिसियप और मुफस्सिल थाना क्षेत्रों में शराब की खुलेआम बिक्री हो रही है, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने इन क्षेत्रों में सख्त कार्रवाई की मांग की। एसपी ने इस पर संबंधित थानों को विशेष निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी अंबरीश राहुल ने कहा कि जनता दरबार पुलिस और आम जनता के बीच संवाद और विश्वास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित करें।

फरियाद लेकर पहुंचे ग्रामीण।
इस अवसर पर एसडीपीओ सदर-1 संजय कुमार पांडेय ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य लोगों को आसानी से न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं जनता दरबार में रखें। कार्यक्रम में सरपंच, मुखिया, पैक्स अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.