Khatu Shyam Ji Mela 2026: राजस्थान में आयोजित बाबा श्याम के फाल्गुन लक्खी मेले में सुरक्षा और व्यवस्था के लिए प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं. 6,000 से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी मेले में तैनात रहेंगे. इसके साथ ही मेले की निगरानी के लिए 450 से अधिक CCTV कैमरे लगाए जाएंगे. भीड़ प्रबंधन और पायलग्रिम्स की सुरक्षा के लिए विशेष कंट्रोल रूम और हाईटेक व्यवस्थाओं को लागू किया गया है. अधिकारियों का दावा है कि इस बार मेला सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न होगा.
सीकर जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि जिले के सभी 28 थानों से कुछ जवान और पुलिस लाइन के जाब्ते को भी खाटूश्यामजी मेला ड्यूटी में नियुक्त किया जाएगा. उन्होंने बताया कि होमगार्ड के एक हजार जवान तैनात किए जाएगे. श्री श्याम मंदिर कमेटी की ओर से 1500 से अधिक सिक्योरिटी गार्ड नियुक्त किए जाएंगे. श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस प्रशासन के अलावा मंदिर कमेटी के सिक्योरिटी गार्ड और सेवादारों को भी व्यवस्थाओं के लिए तैनात किया जाएगा.
जिगजैग के पास से इमरजेंसी रास्ता भी रखा जाएगा
उन्होंने बताया कि हाल ही मेला परिसर लखदातार ग्राउंड, सहित अन्य जिगजैग के पास से एक इमरजेंसी रास्ता भी रखा जाएगा, जहां से किसी घायल व बीमार श्रद्धालु को हॉस्पिटल तक लेकर जाया जा सके. सभी जिगजैग के पास भी तीन पारियों में जवानों की अलग-अलग टीमें तैनात की जाएंगी. इसके अलावा यातायात कर्मियों को ऐसी जगह तैनात किया जाएगा जहां पर अधिक जाम लगने की संभावना रहती है.
20 फरवरी से जाप्ता होगा तैनात
खाटूश्यामजी थानाधिकारी पवन कुमार चौबे ने बताया कि 21 फरवरी को शनिवार और 22 फरवरी को रविवार होने के कारण खाटूश्यामजी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं. 20 फरवरी से ही खाटूनगरी में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया जाएगा, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो. सुरक्षा की दृष्टि से खाटूश्यामजी की हर सड़क और गली में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे.
450 से अधिक लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
थानाधिकारी ने बताया कि श्री श्याम मंदिर कमेटी की ओर से मेला परिसर में 450 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनसे पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी. इसके अलावा रींगस से खाटूश्यामजी तक और मंढ़ा मोड़ से खाटू रोड तक प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात रहेंगे. पुलिस प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है.
About the Author
With more than 6 years above of experience in Digital Media Journalism. Currently I am working as a Content Editor at News 18 in Rajasthan Team. Here, I am covering lifestyle, health, beauty, fashion, religion…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.