400 रुपये में 8 लोगों का पेट भरता है यह डोसा
आनंद डोसा की सबसे बड़ी खासियत है इनका अनोखा प्रयोग. आमतौर पर जहां एक व्यक्ति एक डोसा खाता है, वहीं यहां मिलने वाला बाहुबली महाराज डोसा इतना बड़ा होता है कि आठ लोग आराम से मिलकर खा सकते हैं. इसकी कीमत भी बेहद किफायती रखी गई है – मात्र 400 रुपये. इस दाम में इतना बड़ा और भरपूर डोसा मिलना अपने आप में खास बात है.
खाने से पहले बनाते हैं वीडियो, लेते हैं फोटो
इस डोसे को बनाने का तरीका भी उतना ही दिलचस्प है. एक विशाल तवे पर करीब आठ डोसे एक साथ बनाए जाते हैं, फिर उन्हें जोड़कर एक ही विशाल बाहुबली महाराज डोसा का रूप दिया जाता है. इसे परोसने के लिए दो टेबल को मिलाकर रखा जाता है, तभी यह डोसा अपनी पूरी शान के साथ प्लेट पर जगह बना पाता है. इसका लुक देखते ही लोग मोबाइल निकालकर फोटो और वीडियो बनाने लगते हैं.
बन रहा है लोगों की पहली पसंद
दुकान के संचालक महेंद्र गुप्ता बताते हैं कि वे जमशेदपुर के लोगों के लिए हमेशा कुछ नया और अलग लाने की कोशिश करते हैं. उनका कहना है कि शहर के लोग खाने के शौकीन हैं और नए फ्लेवर और कॉन्सेप्ट को खुले दिल से अपनाते हैं. इसी सोच के साथ उन्होंने बाहुबली महाराज डोसा को मेन्यू में शामिल किया, जो अब लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है.
डोसा के अलावा भी बहुत कुछ
हालांकि आनंद डोसा सिर्फ इसी एक आइटम तक सीमित नहीं है. यहां आपको इडली, वड़ा, उपमा के साथ-साथ डोसे की कई वैरायटी मिलेंगी. चीज डोसा, अनियन डोसा, बटर डोसा, शेजवान डोसा, मसाला डोसा और चॉप्सी डोसा जैसे विकल्प भी ग्राहकों को खूब पसंद आते हैं. लेकिन इन सबके बीच बाहुबली महाराज डोसा ने अपनी अलग पहचान बना ली है.
अगर आप दोस्तों या परिवार के साथ कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, या जमशेदपुर में साउथ इंडियन खाने का अलग अनुभव लेना चाहते हैं, तो जुबली पार्क गेट के पास स्थित आनंद डोसा पर एक बार जरूर जाएं. मात्र 400 रुपये में मिलने वाला यह महाराजा साइज डोसा न सिर्फ पेट भर देगा, बल्कि एक यादगार अनुभव भी दे जाएगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.