दुनियाभर के वैश्विक बाजारों में जारी अस्थिरता का सीधा असर कीमती धातुओं पर देखने को मिल रहा है। इसी के चलते भारतीय बाजार में सोने और चांदी की कीमतों ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मंगलवार को राजस्थान में स्टैंडर्ड सोने की कीमत में एक ही दिन में 4500 रुपए की तेज़ी दर्ज की गई, जिसके बाद 10 ग्राम सोना 1 लाख 50 हजार 250 रुपए के ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंच गया। वहीं चांदी की कीमतों में भी रिकॉर्ड उछाल देखने को मिला है। एक दिन में 12 हजार रुपए की तेजी के बाद 1 किलो चांदी की कीमत 3 लाख 12 हजार रुपए पर पहुंच गई है, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। जयपुर सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष भवानी सिंह ने बताया कि बीते कुछ समय से सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है, लेकिन हाल के दिनों में दोनों धातुओं ने अपने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कीमतों में भारी उछाल के चलते सर्राफा बाजार में खरीदारों की संख्या घट गई है। हालांकि, कई लोग ऊंचे दामों का फायदा उठाते हुए सोना और चांदी बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर फरवरी के अंत तक वैश्विक बाजार में इसी तरह की अस्थिरता बनी रहती है, तो सोने की कीमत डेढ़ लाख रुपए का आंकड़ा पार कर सकती है, जबकि चांदी 3 लाख 20 हजार रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकती है। जयपुर सर्राफा कमेटी की ओर से जारी ताजा भाव के अनुसार, जयपुर में 24 कैरेट सोना 10 ग्राम के लिए 1 लाख 50 हजार 250 रुपए, जबकि 22 कैरेट सोना 1 लाख 40 हजार 500 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं 18 कैरेट सोना 1 लाख 17 हजार 200 रुपए और 14 कैरेट सोना 93 हजार 200 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। इसके साथ ही रिफाइन चांदी की कीमत 3 लाख 12 हजार रुपए प्रति किलो दर्ज की गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.