भोजपुर में मिनी गन फैक्ट्री चलाने वाले मां-बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गन फैक्ट्री से दो देसी कट्टा जब्त किया गया है। साथ ही भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार और गन बनाने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पकड़ी गई महिला के पति को पहले ही हथियार बनाने के आरोप में जेल भेजा जा चुका है। मामला तियर थाना क्षेत्र के उत्तरदाहा गांव का है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए मां-बेटे लंबे समय से अपने ही घर में अवैध हथियार बनाने और बेचने का धंधा कर रहे थे। पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान मुन्नी लाल शर्मा के बेटे धनजी शर्मा और उसकी पत्नी प्रभावती देवी के रूप में की गई है। दोनों को सोमवार की शाम उनके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार धनजी शर्मा के पिता मुन्नी लाल शर्मा भी पूर्व में हथियार निर्माण के मामले में जेल जा चुके हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह धंधा परिवार के स्तर पर लंबे समय से चल रहा था। सोमवार की शाम एसपी राज को मिली थी गुप्त सूचना पुलिस अधीक्षक राज ने मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सोमवार की शाम उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि तियर थाना क्षेत्र के उत्तरदाहा गांव में धनजी शर्मा के घर में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं और उनकी बिक्री भी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए जगदीशपुर एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में तियर थानाध्यक्ष राजीव रंजन समेत पुलिस बल को शामिल किया गया। 12 बोर की जिंदा कारतूस, दो खोखा बरामद किया गया टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धनजी शर्मा के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से दो देसी कट्टा, छह अर्धनिर्मित कट्टा, 12 बोर की एक जिंदा कारतूस, दो खोखा, एक पिलेट, बिजली से चलने वाली ड्रिल मशीन, हथियार बनाने में प्रयुक्त कई उपकरण और एक साइकिल बरामद की गई। बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि धनजी शर्मा और उसकी मां काफी समय से अवैध हथियार बनाने के इस धंधे में संलिप्त थे। पूछताछ के दौरान हथियार खरीदने वाले चार–पांच लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी पहचान और सत्यापन में जुटी हुई है तथा संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर और हथियारों की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है। संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस इस मामले में दोनों आरोपितों के खिलाफ तियर थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.