रायसेन जिले के सिलवानी थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया। साईंखेड़ा रोड पर पोकलेन मशीन ले जा रहा एक ट्राला सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन से टकरा गया। इस दुर्घटना में ट्राला चालक की मौके पर ही मौत हो गई। करंट लगने के कारण चालक का शव करीब दो घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा। यह घटना बुधवार-गुरुवार की रात को हुई। जानकारी के अनुसार, ट्राला क्रमांक MP09 HG 0800 ग्राम उमरझिर साइट से सिमरिया की ओर जा रहा था। ट्राले को 30 वर्षीय सुखदेव आदिवासी चला रहे थे, जो बेरखेड़ी के निवासी थे। 11 केवी लाइन से टकरा गया ट्राला ट्राला साईंखेड़ा मार्ग पर ग्राम पाला के आगे पहुंचा, ऊपर से गुजर रहा 11 केवी लाइन का तार ट्राले के केबिन से टकरा गया। टक्कर होते ही चिंगारियां निकलने लगीं। पीछे चल रहे एक प्रत्यक्षदर्शी ने तुरंत मोबाइल से सूचना देकर बिजली की आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद केबिन में चालक की स्थिति देखी गई। घटना की सूचना मिलने पर 112 की मदद से शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिलवानी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और बिजली लाइन की ऊंचाई को लेकर जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.