Bhagalpur Silk Saree New Design 2026: सिल्क सिटी भागलपुर के बुनकरों ने टेक्सटाइल जगत में नया धमाका किया है. पहली बार भागलपुरी तसर मलबड़ी सिल्क को बनारसी लुक में तैयार किया जा रहा है, जिसमें बनारस की शाही झलक और भागलपुर की पारंपरिक कोमलता का अद्भुत संगम है. बिना किसी प्रोफेशनल डिजाइनर के तैयार इन साड़ियों की डिमांड अब दिल्ली, मुंबई और गुजरात के बाजारों में तेजी से बढ़ रही है.
भागलपुर को सिल्क नगरी के रूप में जाना जाता है. जहां का तसर सिल्क देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी पहचान बना चुका है. बाजार की बदलती मांगों को देखते हुए यहां के बुनकर समय-समय पर नए प्रयोग करते रहते हैं. इसी कड़ी में अब साड़ियों पर बनारसी पैटर्न उकेरा जा रहा है. मलबड़ी सिल्क की कोमलता और बनारसी जरी का काम इन साड़ियों को एक शाही लुक देता है, जो शादियों और खास आयोजनों के लिए महिलाओं की पहली पसंद बन रहा है.
बुनकर ही हैं असली डिजाइनर
इस उद्योग की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां साड़ियों का डिजाइन तैयार करने के लिए कोई अलग से प्रोफेशनल डिजाइनर नहीं होते. यहां के हुनरमंद बुनकर खुद ही अपनी कल्पनाओं से नए-नए पैटर्न तैयार करते हैं. स्थानीय बुनकर हेमंत बताते हैं कि बाजार में टिके रहने के लिए बदलाव बहुत जरूरी है. जब साड़ियों में नई झलक आती है, तो न केवल खरीदारों की रुचि बढ़ती है, बल्कि बुनकरों को भी काम करने में नया उत्साह मिलता है. चूंकि हर बुनकर का अपना स्टाइल होता है, इसलिए यहां के डिजाइन एक-दूसरे से काफी अलग और मौलिक होते हैं.
बनारसी लुक वाली इन तसर मलबड़ी साड़ियों की गूंज अब बिहार से बाहर भी सुनाई दे रही है. महाराष्ट्र, दिल्ली और गुजरात जैसे बड़े राज्यों से इन साड़ियों के लिए भारी मात्रा में ऑर्डर मिल रहे हैं. अन्य राज्यों के पैटर्न को भागलपुरी सिल्क पर उतारने का यह प्रयोग सफल साबित हो रहा है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और बुनकरों की आय में भी सुधार की उम्मीद जगी है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.