फरीदकोट के तलवंडी रोड स्थित प्रीत नर्सिंग होम में एक गर्भवती महिला और उसके अजन्मे बच्चे की मौत के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया। बलबीर एवेन्यू की रहने वाली 23 वर्षीय सपना को शनिवार सुबह डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां ऑपरेशन के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन कर डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया और सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि सपना पूरी तरह स्वस्थ थी और खुद चलकर अस्पताल गई थी। महिला के पिता किशोर कुमार और अन्य रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन से पहले डॉक्टर ने एक इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद ऑपरेशन थिएटर में ही सपना और उसके बच्चे की जान चली गई। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि संबंधित डॉक्टर का लाइसेंस रद्द किया जाए और अस्पताल को स्थायी रूप से बंद किया जाए।
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जब इस मामले में डॉक्टर का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो वह अस्पताल में मौजूद नहीं थीं और उन्होंने फोन कॉल का भी कोई जवाब नहीं दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत करवाते हुए उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है। डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि मृतका के पिता के बयानों के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों के बोर्ड से करवाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.