लातेहार जिले के बरवाडीह एसबीआई बैंक रोड पर शनिवार की शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब सब्जी विक्रेताओं ने अंचलाधिकारी लवकेश सिंह पर प्रत्यक्ष निर्देश एवं उनकी मौजूदगी में दुकानों पर वाहन चढ़ाकर रौंदने का गंभीर आरोप लगाया। इस घटना में सब्जी विक्रेता जहरूदीन मियां सहित अन्य दुकानदारों की दुकानों को नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है। दुकानदारों का आरोप है कि अंचलाधिकारी की गाड़ी मौके पर मौजूद थी और उन्हीं के निर्देश पर वाहन को आगे बढ़ाया गया। दुकान में रखा सामान बिखर गया
दुकानदारों ने इस पूरे मामले को प्रशासनिक दबंगई करार देते हुए कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना, चेतावनी या वैकल्पिक व्यवस्था के इस तरह की कार्रवाई अमानवीय और तानाशाहीपूर्ण है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे लगी सब्जी दुकानों में वाहन बढ़ाए जाने से दुकान में रखा सामान बिखर गया, जिससे दुकानदारों में भगदड़ मच गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया तथा आवागमन भी प्रभावित रहा। बताया जा रहा है कि मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर अंचलाधिकारी लवकेश सिंह प्रश्नपत्र लेकर बरवाडीह एसबीआई बैंक पहुंचे थे। इसी दौरान सड़क किनारे लगी दुकानों को हटाने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ। वर्षों से इसी स्थान पर व्यवसाय कर रहे: दुकानदार
घटना की खबर फैलते ही स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश देखा गया। दुकानदारों का कहना है कि वे वर्षों से इसी स्थान पर व्यवसाय कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने ताकत के बल पर उनकी रोज़ी-रोटी कुचल दी। वहीं, व्यवसायी संघ अध्यक्ष दीपक राज ने घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा, व्यवसायियों से सूचना मिली है कि अंचलाधिकारी की मौजूदगी और निर्देश में वाहन को जबरन सब्जी दुकानों पर चढ़ाया गया। यह सीधी तौर पर प्रशासनिक दबंगई का मामला है। हम जिला उपायुक्त और सांसद से मांग करते हैं कि ऐसे अंचलाधिकारी को अविलंब यहां से हटाया जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। दुकानों द्वारा लगाया गया आरोप निराधार है। सब्जी वाले पर कोई गाड़ी नहीं चढ़ाया गया है। -लवकेश सिंह, अंचलाधिकारी
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.