करनाल, हरियाणा की एक महिला ने अपनी कंपनी के मालिक पर बलात्कार का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि उसे नौकरी में सहयोग का आश्वासन देकर दोस्ती की गई। उसे मोहाली के ज़ीरकपुर के एक होटल में बलात्कार किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
महिला ने यह शिकायत महिला थाना, करनाल में दर्ज कराई। यहाँ शून्य प्राथमिकी (Zero FIR) नंबर 11, दिनांक 31 दिसंबर 2025 दर्ज की गई है। महिला ने धोखाधड़ी, मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) और 351(2) के तहत मामला दर्ज हुआ है।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया:
- सहयोग का भरोसा देकर लगाव बढ़ाया: पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह करनाल स्थित एक प्राइवेट कंपनी कार्यरत थी, जहाँ उसकी पहचान कंपनी के मालिक रोहित शर्मा से हुई। आरोप है कि रोहित शर्मा ने पहले नौकरी और सहयोग का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास जीता और धीरे-धीरे व्यक्तिगत संबंध स्थापित किए। पीड़िता का कहना है कि शुरुआत में दोस्ती की गई और बाद में उसे भावनात्मक रूप से अपने जाल में फंसा लिया गया।
- काम के बहाने बुलाकर किया बलात्कार: शिकायत के अनुसार, आरोपी ने किसी काम के बहाने पीड़िता को मोहाली के ज़ीरकपुर स्थित रक्षा बिजनेस सेंटर, अंबाला-चंडीगढ़ एक्सप्रेसवे पर बने होटल हॉलिडे इन में बुलाया। उस समय पीड़िता की तबीयत ठीक नहीं थी और वह एंजाइटी की मरीज होने के कारण दवाइयों के प्रभाव से शारीरिक रूप से कमजोर अवस्था में थी। आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
- विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी: पीड़िता ने बताया कि होश आने पर उसे अपने साथ हुए गंभीर अपराध का एहसास हुआ। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने और बदनाम करने की धमकी दी। इस धमकी के कारण वह भयभीत हो गई और तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवा सकी।
तबीयत खराब हुई, हिम्मत जुटाकर दी शिकायत:
घटना के बाद उसकी मानसिक और शारीरिक स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। काफी समय बाद हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने महिला थाना, करनाल में शिकायत दर्ज करवाई। चूंकि कथित घटना स्थल ज़ीरकपुर (पंजाब) के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए महिला थाना, करनाल ने शून्य प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद शून्य प्राथमिकी, मूल शिकायत और संबंधित दस्तावेज़ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना ज़ीरकपुर, ज़िला मोहाली को भेज दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच नियमानुसार की जाएगी। सभी तथ्यों, साक्ष्यों, पीड़िता के बयान तथा चिकित्सकीय व तकनीकी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.