Pali Stray Dog Terror Municipal Corporation Protest: पाली में आवारा कुत्तों के आतंक से परेशान सैकड़ों लोगों ने मंगलवार को नगर निगम आयुक्त के कार्यालय का घेराव किया. पिछले 3 महीनों में 30 लोगों को कुत्ते काट चुके हैं. आयुक्त नवीन भारद्वाज द्वारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही डेढ़ घंटे से चल रहा धरना समाप्त हुआ.
धरने पर बैठे लोगों का दर्द यह था कि पिछले तीन महीने में करीब 30 से अधिक लोगों को ये आवारा कुत्ते अपना शिकार बना चुके हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार शिकायत की मगर निगम प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई. भीतरी शहर की संकरी गलियों में पैदल चलना या साइकिल चलाना अब खतरे से खाली नहीं रह गया है. विशेषकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए घर से बाहर निकलना एक बड़ी चुनौती बन गया है. लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद भी निगम की चुप्पी ने लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया और वे आयुक्त कार्यालय के बाहर करीब डेढ़ घंटे तक धरने पर बैठे रहे.
इन इलाकों में सबसे ज्यादा दहशत
पूर्व पार्षद विकास बुबकिया के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने शहर के उन इलाकों की सूची सौंपी जहाँ कुत्तों का जमावड़ा सबसे अधिक है. पाली शहर के देरासर गली, गुजराती कटला, डेंडों का बास, बागड़ मोहल्ला, सेमेगियों की पाटी, गोल निंबड़ा और राणा प्रताप चौक जैसे इलाकों में आवारा कुत्तों की संख्या काफी अधिक है. इसके अलावा पुरानी सब्जी मंडी, दोपोलिया बास, खौड का बास, बालियों का बास और गुलजार चौक एरिया में भी स्थिति बेहद खराब है. स्थिति यह है कि स्कूल जाने वाले स्टूडेंट्स डर के मारे अपनी गली बदलकर दूसरे रास्तों से जाने को मजबूर हैं क्योंकि मुख्य रास्तों पर कुत्तों का झुंड हर पल हमले के लिए तैयार रहता है.
आश्वासन के बाद थमा प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उन्होंने पहले भी कई बार आयुक्त नवीन भारद्वाज को इस समस्या से अवगत कराया था लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ हासिल नहीं हुआ. मंगलवार को जब लोग आयुक्त के चैंबर के बाहर जम गए तो प्रशासन को हरकत में आना पड़ा. मौके पर पहुंचे आयुक्त नवीन भारद्वाज ने पीड़ित लोगों की बातें सुनीं और उन्हें विश्वास दिलाया कि जल्द ही आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. इस ठोस आश्वासन के बाद ही लोग शांत हुए और करीब डेढ़ घंटे बाद धरना समाप्त किया गया. अब देखना यह होगा कि निगम की टीमें कब धरातल पर उतरकर लोगों को इस आतंक से मुक्ति दिलाती हैं.
About the Author
Vicky Rathore is a multimedia journalist and digital content specialist with 8 years of experience in digital media, social media management, video production, editing, content writing, and graphic, A MAJMC gra…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.