Palamu Tiger Reserve: पलामू टाइगर रिजर्व अंतर्गत बेतला राष्ट्रीय उद्यान में वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक बड़ी और उत्साहजनक सफलता सामने आई है. सोमवार को सुबह के समय जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को दिन के उजाले में बाघ दिखाई दिया. जो न सिर्फ दुर्लभ है बल्कि क्षेत्र में बेहतर संरक्षण व्यवस्था का भी प्रमाण है. इस घटना से वन विभाग और पर्यटकों दोनों में उत्साह का माहौल है.
कुल 1147.5 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला पलामू टाइगर रिजर्व झारखंड का प्रमुख वन्यजीव क्षेत्र है. इसके अंतर्गत स्थित बेतला राष्ट्रीय उद्यान जैव-विविधता संरक्षण और नियंत्रित इको-टूरिज्म के लिए जाना जाता है. यहां केवल 20 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में ही पर्यटकों के लिए जंगल सफारी की अनुमति है, जिससे वन्यजीवों को सुरक्षित और शांत वातावरण मिल सके.
दिन के समय बाघ का दिखना बेहद दुर्लभ
सोमवार सुबह करीब 9 बजे रांची से बेतला घूमने आए मेहताब अहमद और जैनब फलक अपने परिवार के साथ प्रातःकालीन सफारी पर निकले थे. इसी दौरान सफारी मार्ग के पास झाड़ियों में एक बाघ शांत अवस्था में विश्राम करता हुआ दिखाई दिया. सीमित सफारी क्षेत्र में दिन के समय बाघ का इस तरह दिखाई देना बेहद दुर्लभ माना जा रहा है.
सतर्कता और सुरक्षा प्रोटोकॉल का किया पालन
इस दौरान सफारी वाहन में मौजूद लेडी गाइड सोनम कुमारी और चालक जुनेद आलम ने पूरी सतर्कता और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पर्यटकों को सुरक्षित रखा. बाघ को दूर से ही शांतिपूर्वक देखने के बाद वाहन को आगे बढ़ाया गया, जिससे जानवर की प्राकृतिक गतिविधियों में कोई बाधा न पहुंचे. वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सफारी क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि बेतला राष्ट्रीय उद्यान में बाघों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो रहा है. यह वन्यजीव संरक्षण, नियमित निगरानी और क्षेत्रीय प्रबंधन की सफलता को दर्शाता है.
अविस्मरणीय अनुभव के लिए मिला शुभकामनाएं
घटना के बाद पलामू टाइगर रिजर्व प्रशासन की ओर से पर्यटकों को इस अविस्मरणीय अनुभव के लिए शुभकामनाएं दी गईं. साथ ही लेडी गाइड, चालक, फील्ड स्टाफ और रिसर्च टीम के प्रयासों की सराहना की गई. बाघ की पुष्टि के बाद जंगल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत कर दिया गया है. वन विभाग का मानना है कि यह घटना साबित करती है कि सतत संरक्षण और सामूहिक प्रयासों से बेतला राष्ट्रीय उद्यान एक बार फिर उभरते हुए टाइगर लैंडस्केप के रूप में अपनी पहचान बना रहा है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.