नारनौल में घटना स्थल पर पहुंची पुलिस
हरियाणा के नारनौल में मंगलवार देर शाम को थार सवार युवकों ने एक पार्क के पास खड़े युवकों पर गोली चला दी। हालांकि इस घटना में किसी के गोली नहीं लगी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। वहीं इसे दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई माना जा रहा है।
शहर के मोहल्ला सलामपुरा के पास बने राधा कृष्ण पार्क के नजदीक थार गाड़ी में सवार होकर तीन युवक आए थे। इन युवकों ने वहां पर खड़े लंगड़ी गैंग के युवकाें पर फायर कर दिया। फायर में तीन राउंड गोली चली बताई जा रही है। इस दौरान मोनू कौशिक नामक युवक के गोली बिल्कुल पास से गई बताई जा रही है।
गोली चलने से हड़कंप
वहीं मोहल्ले में गोली चलने की घटना से हड़कंप हो गया। आसपास के लोग गोली की आवाज सुनकर घरों से बाहर निकले तथा घटना स्थल पर एकत्र हो गए। वहीं लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 पर फोन करके दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। पहले डायल 112 की टीम पहुंची। इसके बाद शहर थाना तथा सीआईए पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस को वहां पर गोलियों के खोल भी मिले हैं।
दो गैंग का है मामला
यह पूरा मामला दो गैंग से जोड़कर देखा जा रहा है। ये दोनों गैंग शहर नारनौल की हैं। दोनाें ही एक मोहल्ले की होने के कारण इनकी वर्चस्व की लड़ाई है। कुछ दिन पूर्व एक लंगड़ी गैंग के लोगों ने दूसरी गैंग के एक युवक के साथ मारपीट कर उसको घायल कर दिया था।
बदला लेने जैसी घटना
घायल युवक के भाई ने ही आज दूसरी गैंग पर गोली चला दी। स्थानीय लोगों के अनुसार वे बिना नंबरों की थार गाड़ी में सवार होकर आए थे। जिसके बाद उन्होंने हमला कर दिया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.