Almora News: पहाड़ी इलाकों में गुलदार का खतरा बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीण जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. लोग डर के साये में जीने को मजबूर हैं और रोजमर्रा की गतिविधियां भी खतरे के कारण प्रभावित हो रही हैं. गायों और अन्य पशुओं का शिकार होने से परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है. ग्रामीण सरकार से जल्द सुरक्षा उपाय और ठोस समाधान चाहते हैं, ताकि वे सुरक्षित जीवन जी सकें.
ग्रामीण महिलाओं की सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता बन गई है. अल्मोड़ा की रहने वाली एक पहाड़ी महिला पुष्पा जोशी ने बताया कि बाघ, गुलदार के डर के कारण शाम ढलते ही लोग अपने घरों में बंद हो जाते हैं. पहले जहां लोग खेतों में देर तक काम करते या आपस में बैठकर बातचीत करते थे, अब वहां सन्नाटा छा जाता है. डर इतना बढ़ गया है कि लोग सुबह भी देर से घरों से बाहर निकलते हैं. बच्चों को स्कूल भेजना और महिलाओं का अकेले खेतों में जाना अब जोखिम भरा हो गया है.
ग्रामीणों की बढ़ी समस्याएं
आगे उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से इस समस्या को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. ग्रामीणों को वन्यजीव संरक्षण से जुड़े सख्त कानूनों का पालन करना पड़ता है, जिसके कारण वे अपनी सुरक्षा के लिए शिकार नहीं कर सकते और न ही कोई अन्य प्रभावी उपाय अपना सकते हैं. बाघ खुलेआम गांवों के आसपास घूम रहे हैं और उनकी आंखों के सामने ही उनके पशुधन (गायों) को उठा ले जा रहे हैं. जो उनकी आजीविका का सबसे बड़ा साधन है.
आर्थिक नुकसान के साथ ही आजीविका पर असर
उन्होंने बताया कि पहाड़ों में दूध देने वाली गाय ग्रामीण परिवारों की मुख्य आय का स्रोत होती है. जब वही गाय बाघ का शिकार बन जाती है, तो परिवार की आर्थिक स्थिति पूरी तरह बिगड़ जाती है. दूध बिक्री से होने वाली आमदनी बंद हो जाती है और परिवार पर कर्ज का बोझ बढ़ने लगता है. ऐसे में ग्रामीण खुद को असहाय और मजबूर महसूस कर रहे हैं.
ग्रामीण सरकार से मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द ठोस समाधान निकाला जाए, ताकि वे अपने गांवों में सुरक्षित और एक बेहतर जीवन जी सकें.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.