बच्चों को मारने के बाद खुद खाया जहर
पुलिस के अनुसार मानपुरा निवासी राजूलाल टेंट व्यवसायी हैं। रविवार को वह घर पर मौजूद नहीं थे। तब उसकी पत्नी संजू देवी तेली (लगभग 35 वर्ष) ने घर के अंदर ही अपनी 10 वर्षीय पुत्री नेहा और 8 वर्षीय पुत्र भेरू पर लोहे के सरिए व धारदार हथियार से वार कर दिया। अचानक हुए हमले में बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वारदात के बाद संजू देवी ने खुद जहर खा लिया।
खुद दी पति को घटना की जानकारी
घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि बच्चों की हत्या के बाद महिला ने अपने पति को फोन कर कहा “मैंने बच्चों को मार दिया है और मैंने खुद भी जहर खा लिया है।” यह सुनते ही राजूलाल के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने तत्काल पड़ोसियों को सूचना दी। पड़ोसी जब मौके पर पहुंचे तो घर के गेट अंदर से बंद मिले। काफी आवाज देने के बाद भी भीतर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद कुछ लोग छत के रास्ते घर के अंदर उतरे। अंदर का मंजर देखकर हर कोई सन्न रह गया। दोनों मासूम खून से लथपथ पड़े थे और संजू देवी उनके पास बेसुध अवस्था में मिली।
मानसिक तनाव में थी महिला: पुलिस
सूचना मिलते ही मांडलगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। थाना प्रभारी घनश्याम मीणा ने बताया कि महिला को तत्काल मांडलगढ़ के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने महिला को उपचार के साथ ही हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संजू देवी लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थी और इसी कारण मानसिक तनाव में थी।
ये भी पढ़ें: आदिवासी नेता महेंद्रजीत करेंगे कांग्रेस में घर वापसी! प्रदेश प्रभारी से मुलाकात के बाद अटकलें तेज
भीलवाड़ा से बुलाई गई एफएसएल की टीम
वारदात की गंभीरता को देखते हुए भीलवाड़ा से एफएसएल टीम को बुलाया गया। जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस ने घर से प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं। मांडलगढ़ डीएसपी बाबूलाल बिश्नोई ने बताया कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है। महिला ने आत्महत्या का प्रयास किया है और उसके बयान इलाज के बाद दर्ज किए जाएंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.