जमुई: अगर आप धर्म और अध्यात्म की कथा सुनना पसंद करते हैं. साथ ही आप जगत गुरु शंकराचार्य से लेकर पंडित धीरेंद्र शास्त्री और कैलाशमंद गिरी जी महाराज की कथा एक साथ सुनना चाहते हैं, तो आप बिहार के जमुई जिले चले आइए. जी हां! जिले के सिमुलतला स्थित सेवाधाम में 8 से 17 मार्च तक श्री श्री 1008 शिवशक्ति महायज्ञ का आयोजन होने जा रहा है.
इस 9 दिवसीय महायज्ञ में दक्षिण कालीपीठ हरिद्वार के पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि 9 दिनों तक शिवमहापुराण कथा का रसपान कराएंगे. इस महायज्ञ में देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसको देखते हुए यज्ञ मंडप, कथा स्थल, यज्ञशाला, श्रद्धालुओं के ठहराव, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं.
कई बड़े संत महात्मा भी लेंगे हिस्सा
इस महायज्ञ में कई बड़े आयोजन किए जाएंगे, जिसमें सबसे प्रमुख इसमें संत महात्मा का आगमन है. आयोजन समिति के आचार्य जयदेव महाराज ने कहा कि यह महायज्ञ आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार का एक सशक्त माध्यम बनेगा. उन्होंने बताया कि इस आयोजन में जगतगुरु शंकराचार्य और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सहित देश के कई शीर्ष संत और कथावाचक भी शामिल होंगे, जिससे महायज्ञ की गरिमा और भी बढ़ेगी. महायज्ञ के संचालन, संतों के आगमन, श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा, चिकित्सा व्यवस्था इत्यादि की तैयारी की जा रही है.
कई बड़े नामी कलाकार भी देंगे प्रस्तुति
इस महायज्ञ के दौरान भक्तिमय वातावरण के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी भव्य आयोजन किया जाएगा. ताकि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ सांस्कृतिक आनंद भी प्राप्त हो सके. इस अवसर पर सांसद और गायक मनोज तिवारी, स्वाती मिश्रा, निशा उपाध्याय, गोलू राजा, तृप्ति शाक्य और शबेश मिश्रा जैसे प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे.
वहीं, आयोजकों के अनुसार हर दिन कथा, यज्ञ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का क्रमबद्ध आयोजन होगा, जिससे सेवाधाम पूरे नौ दिनों तक धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित रहेगा. स्थानीय लोगों और सनातन प्रेमियों में इस महायज्ञ को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.