डेयरी एवं पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के काफिले के दौरान आगरा रोड स्थित डेयरी परिसर में अचानक एक कार दुर्घटना हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में मंत्री पूरी तरह सुरक्षित रहे और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
दौसा में डेयरी एवं पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के साथ शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मंत्री जयपुर से बांदीकुई क्षेत्र के झूंपडीन गांव जा रहे थे। इस दौरान आगरा रोड स्थित डेयरी परिसर में उनके स्वागत का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
स्वागत स्थल पर जब ड्राइवर मंत्री की कार का गेट खोल रहा था, उसी समय पीछे से आ रही एक अन्य कार ने खुले गेट को टक्कर मार दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और डेयरी अधिकारियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
ये भी पढ़ें: Sri Ganganagar News: छुट्टी पर आए फौजी ने रची फिरौती की साजिश, व्यापारी से मांगे दो करोड़, हिरासत में दो आरोपी
हालांकि टक्कर से किसी प्रकार का बड़ा नुकसान नहीं हुआ और मंत्री पूरी तरह सुरक्षित रहे। इसके बावजूद मंत्री के स्टाफ और दूसरी कार में सवार यात्रियों के बीच कहासुनी हो गई। घटना की जानकारी मंत्री ने तुरंत पुलिस अधीक्षक सागर राणा को दी और इसके बाद वे अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।
मौके पर मौजूद हाईवे एस्कॉर्ट पुलिस जाप्ते ने दूसरी कार को रुकवाया और सदर थाना पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सदर थाना प्रभारी मुकेश चौधरी मौके पर पहुंचे और यात्रियों से जानकारी लेकर उन्हें थाने ले गए। टक्कर में यात्रियों की कार को मामूली नुकसान पहुंचा है।
कार में सवार यात्रियों ने बताया कि वे जयपुर से कानपुर जा रहे थे। आगरा रोड पर कई गाड़ियों का काफिला खड़ा था। उसी दौरान एक कार का गेट अचानक खुल गया, जबकि दूसरी ओर से एक पिकअप गुजर रही थी। इसी बीच उनकी कार खुले गेट से टकरा गई। यात्रियों का कहना है कि हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, बावजूद इसके पुलिस ने उनकी गाड़ी को रुकवा लिया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.