नागौर जिले के रियांबड़ी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हो गए कि उन्होंने पुलिस टीम पर ही जानलेवा हमला कर दिया। यह सनसनीखेज घटना लूणी नदी क्षेत्र में हुई, जहां अवैध खनन की सूचना पर पहुंची पुलिस को माफियाओं के उग्र विरोध का सामना करना पड़ा।
मामले का पूरा विवरण
जसनगर थाना प्रभारी एसआई राजमल कुमावत ने बताया कि लूणी नदी में रियांबड़ी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान सामने से बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखाई दी। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक के पिता मौके से बजरी से भरा ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। पीछा करने पर आरोपियों के अन्य परिवारिक सदस्य मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
ये भी पढ़ें: हाईकोर्ट में नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी, 25 हजार के इनामी पति-पत्नी गिरफ्तार
ट्रैक्टर से हमला, थानाप्रभारी घायल
हमले के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चढ़ाने का प्रयास किया। इस झड़प में एसआई राजमल कुमावत के हाथ में चोट आई और उनके कपड़े फाड़ दिए गए। घटना के बाद पुलिस ने मौके से बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली और एक आरोपी चालक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा, अवैध खनन, पुलिस कर्मियों से मारपीट जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.