पूर्वी बिहार के सबसे बड़े अस्पताल जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब फर्जी डॉक्टर बनकर ठगी करने वाले एक युवक को मरीज के परिजनों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। हंगामे की सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान आरोपी का भाई पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया।
आरोपी मौके से फरार हो गया
मिली जानकारी के अनुसार, खगड़िया जिले के निवासी लाल बाबू नामक वृद्ध पिछले चार दिनों से जेएलएनएमसीएच के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती हैं। इसी दौरान एक प्राइवेट एंबुलेंस चालक अख्तर वार्ड में घुसकर खुद को डॉक्टर बताने लगा और बेहतर इलाज दिलाने का झांसा देकर मरीज के परिजनों से ₹1200 ठग लिए। ठगी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
रविवार को आरोपी अख्तर एक बार फिर अस्पताल पहुंचा और किसी अन्य मरीज के परिजनों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान लाल बाबू के परिजनों ने उसे पहचान लिया और पकड़कर उससे पैसे लौटाने की मांग करने लगे। देखते ही देखते वार्ड में हंगामा शुरू हो गया। हंगामे की सूचना पर बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इसी बीच मुख्य आरोपी अस्पताल परिसर में अपनी एंबुलेंस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से उसके भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना ले गई।
कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए
अस्पताल में मौजूद लोगों का कहना है कि अख्तर पहले भी कई बार खुद को डॉक्टर या अस्पताल कर्मी बताकर इलाज, जांच और बेड दिलाने के नाम पर मरीजों के परिजनों से ठगी कर चुका है। इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि इतनी बड़ी मेडिकल व्यवस्था में बाहरी लोग आसानी से वार्डों में प्रवेश कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar News : प्रशांत किशोर अब शुरू कर रहे हैं बिहार नवनिर्माण यात्रा, विधानसभा चुनाव में मिली थी करारी हार
लेन-देन को लेकर मामूली विवाद हुआ था
वहीं, बरारी थाना अध्यक्ष बिट्टू कुमार ने बताया कि पैसे के लेन-देन को लेकर मामूली विवाद हुआ था, जिसे दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से सुलझा लिया है। उधर, जेएलएनएमसीएच के अधीक्षक ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर अस्पताल में निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा तथा ऐसे लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.