धौलपुर निवासी समाजसेवी अनिल अग्रवाल 11 मार्च 2026 को तीर्थराज मचकुंड पर 8वें सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन करने जा रहे हैं। इस समारोह में चंबल अंचल और आसपास के जिलों की कुल 66 गरीब, अनाथ और बेसहारा कन्याओं का विवाह कराया जाएगा। जानकारी के अनुसार इस सामूहिक विवाह समारोह में 47 हिंदू, 9 मुस्लिम और 10 सिख धर्म की कन्याएं विवाह बंधन में बंधेंगी। समारोह को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को मचकुंड स्थित लाडली जगमोहन मंदिर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सभी कन्याओं को शगुन स्वरूप विवाह के लिए लहंगा, ओढ़नी और चुनरी सहित अन्य वस्त्र भेंट किए गए। समाजसेवी अनिल अग्रवाल ने बताया कि विवाह समारोह में सभी कन्याओं को उनकी ओर से वस्त्र, बेड, अलमारी सहित गृहस्थी का पूरा सामान और सोने-चांदी के जेवरात उपहार स्वरूप दिए जाते हैं। इसका उद्देश्य नवविवाहित जोड़ों को नई जिंदगी शुरू करने में सहायता प्रदान करना है। अग्रवाल का यह 8वां सामूहिक विवाह समारोह है। इससे पहले वे 7 ऐसे समारोह आयोजित कर चुके हैं, जिनमें कुल 511 अनाथ, गरीब और बेसहारा कन्याओं के विवाह संपन्न कराए गए हैं। अनिल अग्रवाल मूल रूप से धौलपुर के बजरिया निवासी हैं और वर्तमान में वैशाली नगर, जयपुर में रहते हैं। वे विवाह के बाद भी नवविवाहित जोड़ों की हरसंभव मदद करते हैं। 11 मार्च को होने वाले इस समारोह में राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश की कन्याएं विवाह बंधन में बंधेंगी। कन्याओं को शगुन के वस्त्र भेंट करने के दौरान लाडली जगमोहन मंदिर, मचकुंड के महंत कृष्णदास, राजीव सिंघल और धर्मेंद्र शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहेंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.