Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र के सन्निहित सरोवर से एक अज्ञात व्यक्ति की कटी हुई गर्दन मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है. सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस इस मामले को 30 दिसंबर को कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में मिले बिना गर्दन के शव से जोड़कर देख रही है.
जानकारी के अनुसार, सरोवर की सफाई कर रही एक महिला कर्मी ने पानी में मानव की कटी हुई गर्दन तैरती हुई देखी. यह दृश्य देखते ही महिला घबरा गई और उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया. इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाकर सबूत इकट्ठे किए गए.
हर एंगल से पुलिस कर रही जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सरोवर से बरामद कटी हुई गर्दन 30 दिसंबर को थीम पार्क में मिले गर्दन कटे शव की ही हो सकती है. हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इसकी पुष्टि डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.
थीम पार्क से जुड़ा हो सकता है मामला
अपराध अन्वेषण शाखा-2 के प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि सन्निहित सरोवर में कटी हुई गर्दन तैरने की सूचना मिली थी. मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है और सभी तकनीकी पहलुओं से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि यह गर्दन संभवतः 30 दिसंबर को थीम पार्क से मिले बिना गर्दन के शव से संबंधित हो सकती है. पुलिस ने बताया कि दोनों घटनाओं को आपस में जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.