Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्होंने नहर पर बने लोहे के पुल को ही चुरा लिया. यह घटना रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पर घटी, जहां अज्ञात चोरों ने 60 फीट लंबे और करीब 15 टन वजनी पुल को गैस कटर से काटकर एक ही रात में गायब कर दिया. इस दुस्साहसी चोरी ने पूरा शहर हैरान है. क्योंकि पुल दशकों से लोगों के आवागमन का मुख्य साधन था. अब लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है.
घटना सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र की CSEB चौकी के अंतर्गत नगर निगम के वार्ड 17, ढोढ़ीपारा में विद्युत कंपनी के विभागीय आवासीय परिसर और रशियन हॉस्टल के बीच की नहर पर हुई. सिंचाई विभाग द्वारा कई दशक पहले बनवाया गया यह पुल लोहे का था और आसपास की बस्तियों के लिए महत्वपूर्ण था. सुबह जब स्थानीय लोग नहर के पास पहुंचे, तो पुल का नामोनिशान नहीं था. उनके होश उड़ गए. मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
पहली बार देखी ऐसी चोरी वार्ड पार्षद लक्ष्मण श्रीवास भी मौके पर पहुंचे. कहा, “जीवन में पहली बार ऐसी चोरी देखी है, जहां पूरा पुल ही गायब कर दिया गया. यह पुल मोहल्ले के लोगों के लिए बेहद जरूरी था. अब उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. हमने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.”
कार्रवाई नहीं होने से हौसले बुलंद वहीं, पुलिस का दावा है कि वे कोयला, कबाड़ और डीजल चोरी पर अंकुश लगा रही है, लेकिन सच्चाई इससे अलग है. जिले में कबाड़ चोरी का सिलसिला थम नहीं रहा. चोर बेखौफ होकर सार्वजनिक संसाधनों को निशाना बना रहे हैं. चोरों तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंचने से उनके हौसले और बढ़ गए हैं. CSEB चौकी प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू हो गई है. सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. संभावना जताई जा रही कि चोरों ने ट्रक या अन्य भारी वाहन का इस्तेमाल किया होगा.
वहीं, स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर पुलिस सक्रिय नहीं हुई, तो ऐसी वारदातें बढ़ सकती हैं. लोगों का मानना है कि कबाड़ माफिया के बढ़ते नेटवर्क के कारण ऐसी चोरियां हो रही हैं. कोरबा जैसे औद्योगिक क्षेत्र में लोहे की ऊंची कीमतें चोरों को आकर्षित कर रही हैं. पुलिस को चाहिए कि पेट्रोलिंग बढ़ाए और कबाड़ व्यापारियों पर नजर रखे.