जमुई में कार्यरत रात्रि प्रहरियों का वेतन लंबे समय से लंबित है। इसके कारण वे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। अपनी इस समस्या को लेकर बुधवार को दर्जनों रात्रि प्रहरियों ने समाहरणालय पहुंचकर जिलाधिकारी (डीएम) नवीन और जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) दयाशंकर को लिखित आवेदन सौंपा। महीनों से मानदेय नहीं मिलने के कारण रात्रि प्रहरी और उनके परिवार भुखमरी की स्थिति में हैं। बच्चों की शिक्षा, इलाज और घर-परिवार का खर्च चलाना उनके लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की रात्रि प्रहरी संगठन के जिला अध्यक्ष सुजीत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में बुधवार दोपहर 3 बजे ये सभी रात्रि प्रहरी समाहरणालय पहुंचे थे। उन्होंने अधिकारियों से लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। जिला अध्यक्ष सुजीत कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले के विभिन्न विद्यालयों में वर्षों से कार्यरत रात्रि प्रहरियों को नियमित रूप से मानदेय नहीं मिल रहा है। कई-कई महीनों से भुगतान लंबित है, जिससे उनका दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर कई बार संबंधित कार्यालयों के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। ”समय पर वेतन न मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण” संगठन के प्रतिनिधि संतोष कुमार और सागर अंसारी सहित अन्य सदस्यों ने कहा कि रात्रि प्रहरी विद्यालयों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रातभर जिम्मेदारी निभाने के बावजूद समय पर वेतन न मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, जिससे उनका मनोबल टूट रहा है। रात्रि प्रहरी संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि लंबित वेतन का तत्काल भुगतान कराया जाए, ताकि सभी रात्रि प्रहरी सम्मानजनक जीवन जी सकें। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेता है और पीड़ित रात्रि प्रहरियों को राहत मिलती है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.