Passenger Caught for Fake Ticket Editing Jalore Railway: मरुधर एक्सप्रेस में एक यात्री को मोबाइल पर फर्जी एडिटेड टिकट दिखाने के आरोप में पकड़ा गया. यात्री ने पर्सनल नंबर को IRCTC के नाम से सेव कर रखा था ताकि फर्जीवाड़ा असली लगे. जोधपुर मंडल के टीटीई कालूराम मीणा ने एचएचटी मशीन के जरिए इस धोखाधड़ी को पकड़कर आरोपी को आरपीएफ के हवाले किया.
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार, ट्रेन संख्या 14854 (जोधपुर-वाराणसी सिटी मरुधर एक्सप्रेस) में ड्यूटी के दौरान टीटीई कालूराम मीणा ए-1 कोच में टिकटों की जांच कर रहे थे. इसी दौरान एक यात्री ने अपने मोबाइल पर टिकट का मैसेज दिखाया, जिसमें बी-1 कोच की सीट नंबर 43 अंकित थी. टीटीई को यात्री के व्यवहार और मैसेज पर संदेह हुआ. जब उन्होंने अपनी एचएचटी (HHT) मशीन में डेटा चेक किया, तो बी-1 कोच की सीट संख्या 43 खाली दिखाई दे रही थी.
IRCTC के नाम से सेव था फर्जी नंबर
गहन जांच में यात्री की बड़ी धोखाधड़ी सामने आई. यात्री ने अपने ही एक पर्सनल मोबाइल नंबर को ‘VM-IRCTCi’ के नाम से सेव कर रखा था. वह मूल टिकट के मैसेज को एडिट कर दूसरे नंबर पर फॉरवर्ड करता था, ताकि देखने वाले को लगे कि यह आधिकारिक आईआरसीटीसी (IRCTC) द्वारा भेजा गया मैसेज है. उसने मैसेज में कोच और सीट नंबर को अपनी मर्जी से बदलकर एसी कोच में कब्जा कर लिया था. मोबाइल की हिस्ट्री खंगालने पर पता चला कि वह पहले भी कई बार इसी तरह फर्जीवाड़ा कर यात्रा कर चुका है.
आरपीएफ जयपुर के हवाले किया आरोपी
टीटीई कालूराम मीणा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी यात्री को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) जयपुर के सुपुर्द कर दिया. रेलवे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और रेलवे एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सीनियर डीसीएम ने बताया कि इस प्रकार के फर्जीवाड़े से रेलवे को बड़े राजस्व की हानि होती है. टीटीई की इस मुस्तैदी की सराहना की जा रही है क्योंकि यात्री ने फॉरवर्ड मैसेज का टैग हटाने के लिए बड़ी चालाकी से दो मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया था.
रेलवे की अपील: नियमों का करें पालन
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट पर ही यात्रा करें. फर्जी टिकट या मैसेज को एडिट करना दंडनीय अपराध है, जिसमें जेल की सजा और भारी जुर्माने का प्रावधान है. डिजिटल टिकट दिखाते समय केवल आधिकारिक ऐप या अधिकृत मैसेज ही मान्य होंगे.
About the Author
Vicky Rathore is a multimedia journalist and digital content specialist with 8 years of experience in digital media, social media management, video production, editing, content writing, and graphic, A MAJMC gra…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.