Veer Bal Diwas 2025: वीर बाल दिवस 2025 के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घोषणा की है कि राजस्थान के स्कूलों की पाठ्य पुस्तकों में गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों की वीर गाथा को शामिल किया जाएगा. किताबों में फतेह सिंह और जोरावर सिंह की शहादत का अध्याय पढ़ाया जाएगा. सीएम ने कहा कि इससे बच्चों में साहस, बलिदान और धर्म-संस्कृति की रक्षा के संस्कार विकसित होंगे और राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत होगी.
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादे फतेह सिंह और जोरावर सिंह ने बहुत कम उम्र में धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया. उनका त्याग भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस घोषित कर उनके बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया गया है. अब राज्य सरकार भी इस विरासत को शिक्षा के माध्यम से बच्चों तक पहुंचाएगी.
बीजेपी मुख्यालय में हुआ वीर बाल दिवस कार्यक्रम
वीर बाल दिवस के अवसर पर जयपुर स्थित बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीर बाल दिवस पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया. कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और विधायक बालमुकुंद आचार्य सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री बोले- इससे राष्ट्रभक्ति का भाव विकसित होगा
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि माता गुजरी का त्याग और साहिबजादों का साहस हमें राष्ट्र, धर्म और संस्कृति के प्रति अटूट संकल्प की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा, “आज आवश्यकता है कि हम अपने इतिहास पर गर्व करें और अपनी विरासत को आगे बढ़ाएं. इसी उद्देश्य से राज्य सरकार छोटे बच्चों की पुस्तकों में वीर बाल दिवस की गाथा को शामिल करेगी, ताकि बचपन से ही संस्कार और राष्ट्रभक्ति का भाव विकसित हो.”
मदन राठौड़ ने साहिबजादों के बलिदान को किया नमन
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों की शहादत का स्मरण करते समय मन व्यथित हो उठता है. उन्होंने मुगल काल में धर्म परिवर्तन के लिए दी गई यातनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि साहिबजादों ने अत्याचारों के बावजूद अपने धर्म से समझौता नहीं किया. उन्होंने कहा कि 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाया जाना पूरे देश के लिए गौरव का विषय है.
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने वीर साहिबजादों के अमर बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया.
About the Author
With more than 6 years above of experience in Digital Media Journalism. Currently I am working as a Content Editor at News 18 in Rajasthan Team. Here, I am covering lifestyle, health, beauty, fashion, religion…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.