Army Day Parade: आर्मी डे परेड के आयोजन के चलते जयपुर शहर का यातायात प्रभावित रहेगा. सुरक्षा व्यवस्था और परेड की तैयारियों के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किए जाएंगे. ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. समय से पहले निकलने और निर्देशों का पालन करने से जाम और असुविधा से बचा जा सकता है.
राजधानी जयपुर के जगतपुरा स्थित महल रोड पर 15 जनवरी को आर्मी डे परेड-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा. इस अवसर पर सेना के वरिष्ठ अधिकारी, जवान, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे. आयोजन की गरिमा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस व प्रशासन द्वारा यातायात की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके.

कार्यक्रम में आने वाले दर्शकों की बैठक व्यवस्था अक्षय पात्र मंदिर के सामने निर्धारित की गई है. आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने निर्देश दिए हैं कि दर्शक डी-मार्ट सर्किल की ओर से महावीर मार्ग तथा केन्द्रीय विहार मार्ग का उपयोग करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचें. इससे भीड़ का दबाव कम रहेगा और लोगों को समय पर अपने स्थान तक पहुंचने में आसानी होगी.

आर्मी डे परेड के पूर्वाभ्यास, तैयारियों और मुख्य आयोजन को देखते हुए सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक एनआरआई चौराहा से बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा तक महल रोड पर सामान्य यातायात पूर्णतः बंद रहेगा. इस दौरान महल रोड के दोनों ओर स्थित आवासीय क्षेत्रों के स्थानीय निवासियों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए समानान मार्गों का प्रयोग करना होगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google

खाटूश्याम सर्किल से एनआरआई चौराहा होते हुए अक्षय पात्र की ओर जाने वाले सामान्य यातायात को एनआरआई चौराहा से डायवर्ट कर हल्दीघाटी मार्ग और वीआईटी रोड की ओर भेजा जाएगा. वहीं विधाणी चौराहा से बॉम्बे हॉस्पिटल और अक्षय पात्र की ओर जाने वाले वाहनों को बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे से केन्द्रीय विहार मार्ग की तरफ मोड़ा जाएगा, ताकि यातायात सुचारू बना रहे.

यदि यातायात का दबाव अत्यधिक बढ़ता है तो विधाणी चौराहा से बॉम्बे हॉस्पिटल की ओर जाने वाले वाहनों को विधाणी चौराहे से ही डायवर्ट कर महात्मा गांधी रोड की ओर संचालित किया जाएगा. इसके अलावा राणा सांगा मार्ग और गोनेर मार्ग से महल रोड की ओर जाने वाले वाहनों को भी द्वारकापुरा, गौतम बुद्ध सर्किल और डी-मार्ट सर्किल से समानान्तर मार्गों पर मोड़ा जाएगा.

एनआरआई चौराहा से बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा तक महल रोड पर खुलने वाले सभी आवासीय कॉलोनी गेट और छोटे रास्तों से किसी भी प्रकार का यातायात प्रतिबंधित रहेगा. कार्यक्रम में शामिल होने वाले आम नागरिकों के वाहन हल्दीघाटी मार्ग और राणा सांगा मार्ग स्थित निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े होंगे, जबकि बसों की पार्किंग गोनेर रोड, बृन्दावन होटल के पास पूर्णिमा कॉलेज और जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी मार्ग पर की जाएगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.