दौसा: गांधी सर्किल के पास दुकानदार ने लगाई फांसी
दौसा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां गांधी सर्किल के समीप एक दुकानदार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान कृष्ण कुमार महाजन (46) निवासी नई मंडी रोड के रूप में हुई है, जो बैग की दुकान चलाते थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है.
डूंगरी बांध रद्द की मांग, किसान सभा समाप्त
सवाई माधोपुर के डूंगरी बांध आंदोलन से जुड़ी बड़ी अपडेट सामने आई है. ट्रैक्टर रैली में शामिल किसानों की आम सभा का समापन हो गया है. किसानों ने मौके पर ही प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए डूंगरी बांध परियोजना को रद्द करने की मांग की. आंदोलन के शांतिपूर्ण समापन के बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है. इसके साथ ही मेगा हाईवे पर वाहनों का आवागमन दोबारा शुरू हो गया है और यातायात सामान्य हो गया है.
भीलवाड़ा: जंगल में छात्र का शव मिला
भीलवाड़ा शहर के पटेल नगर क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जंगल क्षेत्र में एक छात्र का शव पेड़ से लटका मिला. मृतक की पहचान दीपक के रूप में हुई है, जो परिजनों के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था. बताया जा रहा है कि वह कल से घर से गायब था. सूचना मिलते ही प्रताप नगर थाना अधिकारी राजपाल सिंह मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू कर दी है.
शिवगंज: एक ही फंदे पर युवक-युवती मृत
सिरोही जिले के शिवगंज तहसील के कैलाश नगर थाना क्षेत्र में सनसनीखेज मामला सामने आया है. रेवाड़ा गांव में बंद मकान के भीतर युवक और युवती एक ही फंदे पर लटके हुए मृत मिले. मृतकों की पहचान किशन नाथ (30) निवासी बड़गांव और हंजा कुमारी (28) निवासी केसरगंज के रूप में हुई है. सूचना पर पुलिस और डीएसपी पुष्पेंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे. दोनों शवों को पोसालिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है.
जोधपुर: होटल कर्मी पर चाकू से हमला
जोधपुर के बासनी थाना क्षेत्र में होटल में काम करने वाले युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना कल देर रात की बताई जा रही है. हमले में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी है और पूछताछ जारी है.
जयपुर पहुंचे RSS प्रमुख मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत मंगलवार को जयपुर पहुंचे. वे दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट 6E-170 से जयपुर आए और एयरपोर्ट से सड़क मार्ग द्वारा किशनगढ़ के लिए रवाना हुए. मोहन भागवत दो दिवसीय राजस्थान प्रवास पर हैं. कार्यक्रम के अनुसार वे कल किशनगढ़ से छोटी खाटू जाएंगे और वहां से जयपुर लौटकर भारती भवन में रात्रि विश्राम करेंगे. 23 जनवरी को सुबह 11 बजे वे इंडिगो फ्लाइट से कोलकाता रवाना होंगे.
डूंगरी बांध विरोध में किसानों की ट्रैक्टर रैली
सवाई माधोपुर में प्रस्तावित डूंगरी बांध के विरोध में आज किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकालने का ऐलान किया है. किसानों ने अजनोटी गांव में ट्रैक्टर रोकने का निर्णय लिया है. सभी ट्रैक्टर अजनोटी में हाईवे के समीप एकत्रित होंगे. इसके बाद अजनोटी के मैदान में किसानों की आम सभा आयोजित की जाएगी. किसानों की प्रमुख मांग प्रस्तावित डूंगरी बांध परियोजना को रद्द किए जाने की है. किसानों का कहना है कि बांध बनने से उनकी जमीन और आजीविका प्रभावित होगी.
टोंक में सचिन पायलट का जोरदार स्वागत
टोंक दौरे पर पहुंचे कांग्रेस नेता सचिन पायलट का सवाई माधोपुर बाइपास पर जोरदार स्वागत किया गया. अकबर खान के नेतृत्व में पायलट को 51 किलो की माला पहनाकर सम्मानित किया गया. स्वागत के दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं. इसके बाद पायलट एक निजी गार्डन में BLA के साथ बैठक करेंगे. बैठक में SIR को लेकर पायलट अपडेट लेंगे और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.
बिना मानक बसों पर परिवहन की कार्रवाई
चौमूं क्षेत्र में परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना सुरक्षा मानकों के संचालित सवारी बसों को जब्त किया है. विभाग अब तक करीब 15 बसों को जब्त कर चुका है. बीती रात भी एक बस को जब्त किया गया. परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मच गया है. अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
दौसा: किन्नर सम्मेलन से पहले झड़प
दौसा जिले के बांदीकुई में किन्नर सम्मेलन से पहले ही विवाद हो गया. सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे लालसोट और करौली पक्ष के किन्नर आपस में भिड़ गए. झड़प में करौली पक्ष के 6 और लालसोट पक्ष के 4 किन्नर घायल हो गए. बांदीकुई थाना पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल कराया. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट के मुकदमे दर्ज कराए हैं. विवाद को देखते हुए सम्मेलन स्थल पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जा रहा है.
जयपुर में आबादी में घुसा मेल लेपर्ड
राजधानी जयपुर के झालाना लेपर्ड रिजर्व से भटककर एक मेल लेपर्ड चूलगिरी-शांति नगर इलाके की आबादी में पहुंच गया. लेपर्ड पुरोहितजी की बावड़ी और शांति नगर कॉलोनी में घूमता नजर आया. इस दौरान वह एक भैंसों के बाड़े में गोबर और कीचड़ में फंस गया. करीब डेढ़ घंटे तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा. वन विभाग को सूचना देने के बाद लेपर्ड खुद ही जंगल की ओर लौट गया. किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ.
HC सख्त: 12 हजार तबादलों पर सवाल
राजस्थान हाई कोर्ट ने मिड-सेशन में किए गए करीब 12 हजार तबादलों पर सख्त रुख अपनाया है. जस्टिस समीर जैन की अदालत ने मुख्य सचिव और शिक्षा सचिव को तलब किया है. कोर्ट ने बोर्ड परीक्षाओं के दौरान तबादले किए जाने पर सवाल उठाए. अदालत ने कहा कि बिना स्पष्ट नीति के बड़े पैमाने पर तबादले छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ जैसे हैं. कोर्ट ने सरकार से पूरे ट्रांसफर निर्णय पर जवाब तलब करते हुए अगली सुनवाई 23 जनवरी तय की है.
बीकानेर में प्रेम प्रसंग का वायरल वीडियो
बीकानेर के मोहता सराह रोड से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रेम प्रसंग के चलते बीच सड़क हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. वीडियो में युवक-युवती के बीच विवाद के बाद युवती के परिजनों द्वारा युवक और युवती की थप्पड़-मुक्कों से जमकर धुनाई की गई. घटना के दौरान सड़क पर तमाशाबीनों की भारी भीड़ जुट गई, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया. आरोप है कि युवती के परिजन दोनों को बाइक पर बैठाकर वहां से दूर ले गए. पूरा मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा बताया जा रहा है. वीडियो के वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. हालांकि, न्यूज़ 18 इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता.
बूंदी में नैनवा जैन मंदिर चोरी कांड में DST को बड़ी सफलता
बूंदी जिले के नैनवा क्षेत्र में स्थित जैन मंदिर में हुई बड़ी चोरी के मामले में DST टीम को अहम सफलता मिली है. मंदिर से कीमती ज्वेलरी और सिंहासन चोरी करने वाली गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार यह गैंग सुनियोजित तरीके से मंदिरों को निशाना बनाती थी. चोरी की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था और जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही थी. DST टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को दबोचा. फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और चोरी गया सामान बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
कोटा में मदन दिलावर का डोटासरा पर तीखा हमला
कोटा में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर जोरदार हमला बोला. दिलावर ने कहा कि डोटासरा को अब जेल जाने की तैयारी कर लेनी चाहिए और वे चुनाव सलाखों के पीछे से देखेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान परिसीमन में गड़बड़ी हुई थी. साथ ही सुपरवाइजर, लैब सहायक और कृषि पर्यवेक्षक भर्ती 2018 मामले में डोटासरा की भूमिका को लेकर गंभीर आरोप लगाए. दिलावर ने पंचायत चुनाव को लेकर दिए गए डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें पंचायत राज चुनाव की चिंता नहीं करनी चाहिए, जैसा हाल महेश जोशी का हुआ, वैसा ही उनका भी होगा.
बीकानेर में गंगाशहर में झपटमारों का आतंक
बीकानेर के गंगाशहर क्षेत्र में झपटमारों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. बीते 24 घंटों में मोबाइल झपटने की तीन घटनाएं सामने आई हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. पीड़ितों का आरोप है कि वारदात की शिकायत लेकर थाने जाने पर भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की जाती. इससे पुलिस की सक्रियता और गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. क्षेत्र में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और झपटमारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
करौली में अवैध व्यावसायिक परिसर तोड़ने की कार्रवाई जारी
करौली में सट्टा किंग और नव संवत्सर बाइक रैली पर पथराव मामले के आरोपी अमीनुद्दीन खान के अवैध व्यावसायिक परिसर को तोड़ने की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रहेगी. आरोपी पर शिव मंदिर तोड़कर भवन निर्माण कराने, फर्जी पट्टे जारी करने और अवैध निर्माण के गंभीर आरोप हैं. नगर परिषद ने भवन निर्माण की स्वीकृति और पट्टा पहले ही निरस्त कर दिया है. अमीनुद्दीन खान, करौली की पूर्व नगर परिषद सभापति रशीदा खातून का पुत्र है, जिन्हें फर्जी पट्टे के मामले में निलंबित किया गया था. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मुख्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
धौलपुर में पिकअप चोरी मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
धौलपुर के निहालगंज थाना पुलिस ने पिकअप चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने वांछित आरोपी इरफान को गिरफ्तार कर लिया है, जो उत्तर प्रदेश के कासगंज का निवासी है. इससे पहले चोरी की गई पिकअप को बरामद किया जा चुका था, जबकि एक अन्य आरोपी कुल्हड़ उर्फ पतंगा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. यह मामला 24 फरवरी 2025 को राठौर कॉलोनी से पिकअप चोरी होने के बाद दर्ज किया गया था. पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और चोरी की अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.
जयपुर में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का प्रदेश दौरा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत आज राजस्थान के प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं. वे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे किशनगढ़ रवाना होंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे. अगले दिन डॉ. भागवत छोटी खाटू में आचार्य महाश्रमण के कार्यक्रम में भाग लेंगे. इसके बाद वे शाम को छोटी खाटू से रवाना होकर जयपुर के भारती भवन पहुंचेंगे. डॉ. भागवत का यह दौरा संगठनात्मक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. तय कार्यक्रम के अनुसार वे 23 जनवरी को जयपुर से प्रस्थान करेंगे.
सीकर: पूर्व सरपंच सरदार राव मर्डर केस में आज आएगा फैसला
सीकर के चर्चित सरदार राव हत्याकांड में आज गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई सहित 11 आरोपियों पर अदालत का फैसला आ सकता है. 2017 में हुई इस हत्या के मामले में कोर्ट ने बीते दिन सभी आरोपियों को दोषी करार देते हुए जेल भेज दिया था. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच आज सजा का ऐलान संभव है.
पाली: फालना स्टेशन पर ‘असली-नकली’ को लेकर भिड़े किन्नर
पाली के फालना रेलवे स्टेशन पर किन्नरों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई. विवाद ‘असली और नकली’ किन्नर होने की पहचान को लेकर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हाथापाई तक पहुँच गया. इस हंगामे के कारण गोरखपुर एक्सप्रेस को करीब 10 मिनट तक स्टेशन पर रुकना पड़ा. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला.
सिरोही: दिनदहाड़े चाकू की नोक पर कृषि कुएं से जेवरात पार
रेवदर के धानेरा गाँव में एक अज्ञात चोर ने दुस्साहस दिखाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया. जब परिवार खेत पर काम कर रहा था, तब चोर ने घर का ताला तोड़ा. घर पहुँची महिला ने जब उसे टोका तो चोर ने चाकू दिखाकर डराया और सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लेकर बाइक से फरार हो गया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए तलाश में जुटी है.
जयपुर: कैबिनेट बैठक और ‘महाराजा एक्सप्रेस’ को पलटाने की बड़ी साजिश नाकाम
जयपुर के शिवदासपुरा में अज्ञात बदमाशों ने पटरियों पर लोहे के सरिए रखकर लग्जरी ट्रेन ‘महाराजा एक्सप्रेस’ को बेपटरी करने की कोशिश की. लोको पायलट की सूझबूझ से 21 विदेशी पर्यटकों की जान बच गई. इधर, आज दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक होगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण विधायी कार्यों और नीतिगत निर्णयों पर मुहर लग सकती है.
जयपुर में 8 SHO का तबादला, कमिश्नर सचिन मित्तल ने जारी किए आदेश
जयपुर में पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने 8 थाना प्रभारी (SHO) का तबादला आदेश जारी किया है. तबादला सूची में शामिल SHO को नए पदस्थानों पर कार्यभार संभालना होगा. अधिकारियों का कहना है कि यह परिवर्तन बेहतर प्रशासन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया है. पुलिस विभाग ने आदेशों के अनुसार नई जिम्मेदारियों को लागू कर दिया है और अगले हफ्ते से SHO अपने-अपने नए पदस्थानों पर कार्यभार संभालेंगे.
धौलपुर के सैपऊ में गुरुकुल संस्थान से 6 बच्चे लापता, पुलिस ने सकुशल किया बरामद, बच्चों ने लगाए मारपीट के आरोप
धौलपुर के सैपऊ में झीलरा गांव स्थित एक गुरुकुल संस्थान से छह बच्चों अचानक लापता हो गए. सूचना मिलते ही परिजन संस्थान पहुंचे. परिजनों ने संस्थान प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए. पुलिस कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों को बरामद कर लिया. हालांकि, बच्चों ने संस्थान में उनके साथ मारपीट और धमकी दिए जाने के आरोप लगाए. बच्चों के इन आरोपों के बाद गुरुकुल संस्थान की कार्यप्रणाली और शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सवाई माधोपुर के अजनौटी ट्रैक्टर रैली के दौरान पथराव, हाईवे पर तनाव, पुलिस और आंदोलनकारियों में भिड़ंत
सवाई माधोपुर के अजनौटी क्षेत्र में ट्रैक्टर रैली के दौरान आयोजित आम सभा का माहौल बिगड़ गया. कुछ ट्रैक्टर चालक अपने वाहनों के साथ सवाई माधोपुर की ओर रवाना हुए, जिससे आंदोलनकर्ताओं और पुलिस के बीच पथराव की स्थिति पैदा हो गई. इस दौरान कुछ गाड़ियों के शीशे टूट गए और कुछ पुलिसकर्मी हल्की चोटों के साथ घायल हुए. पुलिस ने हाईवे पर स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए ड्यूंगरी बांध के पास गश्त और चेकिंग बढ़ा दी.
बीकानेर के जैतासर गांव में रात के समय चोरी, 25 तोले सोने के आभूषण भी चोरी
बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ इलाके के जैतासर गांव में चोर पीड़ित सांवरमल शंकरलाल शर्मा के घर से 25 तोले सोने के आभूषण सहित कीमती सामान लेकर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वायड की मदद से छानबीन शुरू की. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और चोरों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है.
टोंक के दूनी में CRPF इंस्पेक्टर भंवरलाल मीणा को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई, 20 किमी लंबी तिरंगा यात्रा निकाली
टोंक जिले के दूनी क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में शहीद हुए CRPF इंस्पेक्टर भंवरलाल मीणा को भावपूर्ण अंतिम विदाई दी गई. उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव दौलतपुरा में सैन्य सम्मान के साथ संपन्न हुआ. शहीद के बेटे ने रोते हुए मुखाग्नि दी. शहीद को सम्मान देने के लिए घाड से दौलतपुरा गांव तक 20 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें स्थानीय लोग और अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
चित्तौड़गढ़ में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन
चित्तौड़गढ़ के बासी थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई. इस घटना में बाइक पर सवार दो अन्य युवक भी घायल हुए. युवक की मौत के बाद ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर बस्सी थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि मृतक परिवार को न्याय और उचित मुआवजा मिलना चाहिए. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
उदयपुर के कोटड़ा में ब्रेक फेल होने से जीप खाई में गिरी, 3 लोगों की मौत
उदयपुर जिले के कोटड़ा क्षेत्र में डिंगावरी गांव के पास ब्रेक फेल होने के कारण सवारियों से भरी जीप खाई में गिर गई. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जीप में सवार कई अन्य यात्रियों को चोटें आई हैं, जिन्हें गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. जीप बिलवन से सवारियां लेकर कोटड़ा जा रही थी.
दौसा के गांधी सर्किल के समीप दुकानदार ने फंदा लगाकर की आत्महत्या
दौसा के गांधी सर्किल के पास स्थित नई मंडी रोड के रहने वाले 46 वर्षीय दुकानदार कृष्ण कुमार महाजन ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. कृष्ण कुमार महाजन बैग की दुकान चलाते थे. जिला अस्पताल में डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है. आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.