अम्बिकापुर-रामानुजगंज नेशनल हाईवे 343 की खस्ताहाल स्थिति के विरोध में युवक कांग्रेस ने आंदोलन की चेतावनी दी है। युवक कांग्रेस लुण्ड्रा के अध्यक्ष गंगा प्रसाद एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपा और तत्काल सड़क नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। लुण्ड्रा ब्लाक कांग्रेस प्रतिनिधियों ने कहा कि एनएच 343 छत्तीसगढ़ और झारखंड को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क है। सड़क के नवनिर्माण के लिए तीन वर्ष पूर्व स्वीकृति मिली थी। दो हिस्सों में टेंडर भी स्वीकृत किया जा चुका है। वनविभाग की एनओसी भी मिल चुकी है। सड़क की मरम्मत के लिए भी राशि जारी की गई है, लेकिन सड़क के गड्ढे नहीं भरे जा रहे हैं। सड़क पर गड्ढे और धूल के कारण रोज हादसे हो रहे हैं। सड़क के धीमे निर्माण ने बढ़ाई मुसीबत
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि नेशनल हाईवे के ठेकेदार द्वारा सड़क नवनिर्माण का कार्य अब तक शुरू नहीं किया गया है। निर्माण कार्य पूरा कराए जाने तक सड़क को चलने लायक बनाए रखने की जिम्मेदारी ठेकेदार की है, लेकिन ठेकेदार द्वारा न तो सड़क सुधार किया जा रहा है और न ही धूल नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव किया जा रहा है। विशेष रूप से ग्राम सोनपुर से असोला, रजपुरी, भकुरा एवं परसा हसुली तक सड़क की हालत अत्यंत खराब है। इन क्षेत्रों में निर्माण भी शुरू नहीं हुआ है। इस मार्ग से ग्रामीणों का प्रतिदिन आना-जाना होता है। खराब सड़क के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क नहीं सुधरी तो करेंगे चक्काजाम
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क सुधार की मांग करते हुए कहा है कि यदि एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय मोड़, ग्राम भकुरा में धरना-प्रदर्शन, चक्का जाम एवं भूख हड़ताल आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में युवक कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सूरज यादव, गलेंद्र यादव,अतुल गुप्ता,अभय तिवारी, पवन सिंह, लालू प्रसाद यादव, जितेंद्र पटेल, कामेश्वर देव, प्रताप सिंह सहित अन्य शामिल थे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.