जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में सोमवार शाम टायर और केमिकल के गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। संजय नगर नारायणपुरी स्थित रिहायशी क्षेत्र में शाम करीब 5:45 बजे अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते धुएं का घना गुबार आसमान में फैल गया। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर, बिजली सप्लाई बंद
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 11 से 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शाम 7:45 बजे आग पर काबू पाया गया। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की बिजली सप्लाई काट दी गई, ताकि किसी प्रकार की अतिरिक्त दुर्घटना न हो। साथ ही आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया।
धुएं से प्रभावित रहा क्षेत्र, यातायात भी बाधित
गोदाम मालिक का नाम मोहम्मद जलाल बताया जा रहा है। आग लगते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। धुएं के कारण पूरे क्षेत्र का वातावरण प्रभावित हो गया और कई मार्गों पर यातायात बाधित रहा। प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में हालात को नियंत्रित किया गया।
कारणों की जांच जारी, कोई जनहानि नहीं
फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद रहकर जांच में जुटी हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.