Jaipur No Parking Zone: जयपुर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है. स्टेच्यू सर्किल से विधानसभा मार्ग तक जाने वाली सड़क को आधिकारिक रूप से नो-पार्किंग ज़ोन घोषित कर दिया गया है. इस संबंध में संबंधित विभाग द्वारा अधिसूचना भी जारी कर दी गई है. प्रशासन का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनती थी, जिससे आम लोगों और वीआईपी मूवमेंट में परेशानी होती थी. नए आदेश के बाद इस सड़क पर किसी भी प्रकार की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी.
जयपुर शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एक जरूरी और दूरगामी फैसला लिया है. सुरक्षित और ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए स्टेच्यू सर्किल से पोलो सर्किल होते हुए राजस्थान विधानसभा टी-पॉइंट तक के मार्ग को सड़क के दोनों ओर से पूरी तरह से नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है. इस संबंध में आम अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिससे यह निर्णय अब आधिकारिक रूप से लागू हो गया है.

यह मार्ग जयपुर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में गिना जाता है, क्योंकि इसी मार्ग पर राजस्थान उच्च न्यायालय, सचिवालय और विधानसभा जैसी संस्थाओं के भवन स्थित है. दिनभर यहां वकीलों, कर्मचारियों, अधिकारियों और आम नागरिकों की आवाजाही बनी रहती है. पहले सड़क किनारे अवैध और अनियंत्रित पार्किंग के कारण सड़क संकरी हो जाती थी, जिससे यातायात की गति प्रभावित होती थी और घंटों जाम की स्थिति बन जाती थी.

डीसीपी ट्रैफिक सुमित मेहरड़ा ने बताया कि इस फैसले का मकसद केवल चालान काटना या दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि आमजन को निर्बाध और सुरक्षित आवागमन की सुविधा देना है. उन्होंने कहा कि कार्यालय समय और कोर्ट के कार्यकाल के दौरान यहां ट्रैफिक का दबाव अत्यधिक बढ़ जाता था. सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था.
Add News18 as
Preferred Source on Google

विशेष रूप से राजस्थान उच्च न्यायालय के बाहर बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और वादकारियों के वाहन सड़क किनारे खड़े हो जाते थे. दोनों ओर पार्किंग होने से सड़क की चौड़ाई काफी कम हो जाती थी, जिससे यातायात संचालन बाधित रहता था. कई बार एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निकलने में भी कठिनाई होती थी, जो गंभीर चिंता का विषय बन गया था.

नई व्यवस्था के तहत ट्रैफिक पुलिस ने पोलो ग्राउंड में वैकल्पिक पार्किंग स्थल विकसित किया है, जहां अधिवक्ता और अन्य वाहन चालक अपने वाहन सुरक्षित रूप से पार्क कर सकते हैं. वाहन वहां शिफ्ट होने से स्टेच्यू सर्किल से पोलो सर्किल तक सड़क पहले की तुलना में अधिक चौड़ी और खुली नजर आने लगी है. इससे यातायात का प्रवाह बेहतर हुआ है और जाम की समस्या में कमी देखी जा रही है.

ट्रैफिक पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसमें चालान काटने के साथ-साथ वाहन टोइंग और अन्य कानूनी कदम भी शामिल होंगे. पुलिस का मानना है कि यदि आमजन नियमों का पालन करें तो यह व्यवस्था न केवल जाम कम करेगी, बल्कि जयपुर को एक सुरक्षित ट्रैफिक व्यवस्था वाला शहर बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.