Last Updated:
Amit Shah Jaipur Meeting : जयपुर में अमित शाह और भजनलाल शर्मा की तीन घंटे लंबी बैठक में कानून-व्यवस्था, भर्तियों, निवेश और संगठन पर चर्चा हुई, कार्यक्रम बदलकर अमित शाह त्रिवेंद्रम रवाना हुए. जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास यानी CMR में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बीच अहम बैठक हुई. इस बैठक में प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, सरकार और संगठन के बीच समन्वय, जमीनी हालात और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. सूत्रों के मुताबिक अमित शाह ने सरकार और संगठन के कामकाज पर विस्तृत फीडबैक लिया और यह समझने की कोशिश की कि योजनाएं और नीतियां जमीनी स्तर तक किस तरह पहुंच रही हैं.
जयपुर. जयपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे और उनके कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश की राजनीति में पूरे दिन हलचल बनी रही. सत्ता और संगठन से जुड़े अहम मुद्दों पर लंबी चर्चा, कानून-व्यवस्था को लेकर किए गए दावे, बड़ी भर्तियों का संदेश और फिर अचानक बदला यात्रा कार्यक्रम- यह पूरा घटनाक्रम कई राजनीतिक संकेत भी देता है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बीच हुई लगभग तीन घंटे की मंत्रणा को प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है.
जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास यानी CMR में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बीच अहम बैठक हुई. इस बैठक में प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, सरकार और संगठन के बीच समन्वय, जमीनी हालात और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. सूत्रों के मुताबिक अमित शाह ने सरकार और संगठन के कामकाज पर विस्तृत फीडबैक लिया और यह समझने की कोशिश की कि योजनाएं और नीतियां जमीनी स्तर तक किस तरह पहुंच रही हैं. बैठक में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के साथ-साथ कई वरिष्ठ मंत्री और नेता मौजूद रहे. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी CMR में उपस्थित थे, जिससे बैठक का महत्व और बढ़ गया.
कानून-व्यवस्था और भर्तियों पर अमित शाह का संबोधन
जयपुर में अपने संबोधन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिस भर्तियों को लेकर कई बड़े दावे किए. उन्होंने कहा कि 9000 कांस्टेबल्स की नियुक्ति से राजस्थान की कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी. अमित शाह ने जोर देकर कहा कि यह भर्ती बिना किसी खर्च और सिफारिश के, पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की गई है. उन्होंने इसे प्रतिभा का सम्मान बताते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के बिना योग्य युवाओं को नौकरी दी गई है.
अमित शाह ने यह भी कहा कि कांग्रेस शासनकाल में राजस्थान में पेपर लीक की जो घटनाएं लगातार सामने आती थीं, वह सिलसिला अब भजनलाल शर्मा सरकार में खत्म हो चुका है. उन्होंने दावा किया कि एक हजार किलोमीटर से अधिक लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा होने के बावजूद राजस्थान में कानून-व्यवस्था काफी बेहतर स्थिति में है.
अपराध में कमी और नए कानून का असर
गृह मंत्री ने कहा कि भजनलाल शर्मा की सरकार बनने के बाद अपराध की घटनाओं में करीब 14 प्रतिशत की कमी आई है और हर तरह के अपराधों में गिरावट दर्ज की गई है. उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय न्याय संहिता लागू होने के बाद यह राजस्थान पुलिस की पहली बड़ी भर्ती है, जिससे नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में आसानी होगी. अमित शाह के अनुसार राजस्थान में अब आधे से ज्यादा मामलों में दोषियों को सजा हो रही है, जो कानून-व्यवस्था में सुधार का बड़ा संकेत है.
निवेश और शासन को लेकर संदेश
अमित शाह ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि भजनलाल शर्मा सरकार ने न सिर्फ पेपर लीक पर रोक लगाई है, बल्कि बड़े पैमाने पर निवेश लाने का काम भी किया है. उन्होंने इसे राज्य की आर्थिक दिशा के लिए अहम बताया.
एयरपोर्ट रवाना और बदला कार्यक्रम
CMR में करीब तीन घंटे की बातचीत के बाद अमित शाह वहां से रवाना हुए. पहले उनका दिल्ली जाने का कार्यक्रम था और वह जयपुर एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर पहुंचे, जहां भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ और अरुण चतुर्वेदी भी मौजूद रहे. अमित शाह BSF के विशेष विमान से रवाना हुए. हालांकि अंतिम समय में उनके कार्यक्रम में बदलाव हुआ और वह दिल्ली की बजाय जयपुर से केरल के त्रिवेंद्रम के लिए रवाना हो गए. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उनके साथ एयरपोर्ट पहुंचे.
About the Author
नाम है आनंद पाण्डेय. सिद्धार्थनगर की मिट्टी में पले-बढ़े. पढ़ाई-लिखाई की नींव जवाहर नवोदय विद्यालय में रखी, फिर लखनऊ में आकर हिंदी और पॉलीटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया. लेकिन ज्ञान की भूख यहीं शांत नहीं हुई. कल…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.