लेक सिटी उदयपुर में रंग-बिरंगा पतंग महोत्सव विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। झील किनारे कलेक्टर नमित मेहता ने पतंग उड़ाई और एक बालिका जोया की लंबी उड़ती पतंग को देखकर जमकर तारीफ की। बालिका की पतंग उड़ाने की शैली देख वहां मौजूद लोग भी हंसते और आनंदित होते नजर आए।
चार प्रमुख पर्यटन स्थल रंग-बिरंगे
उदयपुर के फतहसागर की पाल, गणगौर घाट, मोती मगरी और सज्जनगढ़ दुर्ग चारों पर्यटन स्थल रंग-बिरंगी पतंगों से सजे दिखाई दिए। महोत्सव बुधवार को शाम 4 बजे से साढ़े 5 बजे तक चला। इसमें बड़ी संख्या में शहरवासी और पर्यटक शामिल हुए। पर्यटन विभाग की ओर से श्रेष्ठ पतंगबाजी करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। जिला कलेक्टर के निर्देश पर झील किनारे पहली बार यह पतंग महोत्सव आयोजित किया गया। इस दौरान एडीएम शहर जितेंद्र ओझा ने भी जमकर लोगों की पतंगें काटी।
आमजन की सुविधा का रखा गया ख्याल
महोत्सव के दौरान आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया। पतंगों की पर्याप्त उपलब्धता, पेयजल की व्यवस्था और तिल के लड्डुओं का वितरण आयोजन को और यादगार बनाता रहा। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी पूरी सतर्कता बरती गई।
ये भी पढ़ें: बेटियों की जिद बनी प्रेरणा, 40 साल बाद थामा किताबों का साथ, 68 साल की उम्र में विधायक ने दी परीक्षा
मकर संक्रांति हमारी सांस्कृतिक परंपरा का अहम पर्व: कलेक्टर
इस मौके पर कलेक्टर नमित मेहता ने कहा कि मकर संक्रांति हमारी सांस्कृतिक परंपरा का अहम पर्व है। पतंग महोत्सव के जरिए न केवल हमारी परंपरा को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि पर्यटन को भी नई ऊंचाइयां मिल रही हैं। पतंगों से सजा उदयपुर का आसमान, झीलों के किनारे उमड़ा जनसैलाब और उत्सव का उल्लास इस पर्व पर लेक सिटी ने अपनी सांस्कृतिक भव्यता का शानदार प्रदर्शन किया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.