दौसा जिले की मंडावर नगरपालिका में बुधवार को सफाईकर्मियों के वेतन भुगतान को लेकर पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुडला और कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी (ईओ) प्रकाश चंद मीणा के बीच तीखी बहस हो गई। बताया गया कि सफाईकर्मियों को चार माह से वेतन नहीं मिला है। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच सार्वजनिक रूप से कहासुनी हुई।
नगरपालिका के बाहर हुई कहासुनी
घटना बुधवार दोपहर की है। जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक हुडला नगरपालिका के सामने से गुजर रहे थे, तभी सफाईकर्मियों ने उन्हें रोककर वेतन न मिलने की शिकायत की। इसी दौरान बाइक से जा रहे कार्यवाहक ईओ प्रकाश चंद मीणा को पूर्व विधायक ने रुकवाया। इसके बाद दोनों के बीच वेतन भुगतान को लेकर बहस शुरू हो गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि तुमने जो लूट मचा रखी है ना, मुंह से खाया नाक से निकलवा लूंगा। इस दौरान ईओ पूर्व विधायक से ठीक से बात करने और सफाई कर्मियों को पूरा पैसे देने की बात कहते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया।
धरने पर बैठे पूर्व विधायक
बहस के बाद पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुडला सफाईकर्मियों के साथ नगरपालिका गेट के सामने धरने पर बैठ गए। उन्होंने वेतन भुगतान में देरी पर नाराजगी जताई। कुछ समय बाद कार्यवाहक ईओ की ओर से दो दिन के भीतर बकाया भुगतान कराने का आश्वासन दिया गया। आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
पूर्व विधायक का पक्ष
पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुडला ने कहा कि वे बुधवार को नगरपालिका के सामने से गुजर रहे थे, तभी सफाईकर्मियों ने उन्हें चार माह से वेतन नहीं मिलने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ईओ से भुगतान में देरी का कारण पूछा गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि वे कुछ देर के लिए धरने पर बैठे थे और दो दिन में भुगतान के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने किसी प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया।
ईओ ने लगाया अभद्रता का आरोप
वहीं बैजूपाड़ा तहसीलदार एवं मंडावर नगरपालिका के कार्यवाहक ईओ प्रकाश चंद मीणा ने कहा कि वे एसडीओ कोर्ट जा रहे थे, तभी पूर्व विधायक वहां पहुंचे और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उनके अनुसार बिना कारण कहासुनी की गई और अनुचित तरीके से बात की गई। ईओ ने कहा कि भुगतान में देरी ठेकेदार के स्तर पर हुई है और सफाईकर्मियों का वेतन जल्द जारी कर दिया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.