गुमला जिले में ‘प्रखंड स्वास्थ्य मेला’
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों जैसे आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY), आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत मातृ-शिशु स्वास्थ्य, संचारी और गैर-संचारी रोगों की रोकथाम से जुड़ी सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए गुमला जिले में ‘प्रखंड स्वास्थ्य मेला’ का आयोजन किया जा रहा है.
सभी प्रखंडों में आयोजित होगा यह मेला
यह स्वास्थ्य मेला जिले के सभी प्रखंडों में 10 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा. मेला सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्तर पर एक दिवसीय रूप में लगेगा. मेले के दौरान डिजिटल हेल्थ आईडी निर्माण, आयुष्मान भारत कार्ड का निर्गमन, मधुमेह व उच्च रक्तचाप सहित गैर-संचारी रोगों की जांच, विभिन्न बीमारियों की निःशुल्क जांच, स्वास्थ्य परामर्श, रेफरल सेवाएं, स्वास्थ्य शिक्षा के साथ-साथ योग और ध्यान जैसी गतिविधियां भी कराई जाएंगी. इसका उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भटकना न पड़े और सरकार की सुविधाएं सीधे उनके गांव-घर तक पहुंच सकें.
जानें किस प्रखंड में कब लगेगा स्वास्थ्य मेला
मिली जानकारी के मुताबिक यह स्वास्थ्य मेला बिशुनपुर-08 जनवरी, घाघरा-08 जनवरी, भरनो-09 जनवरी, डुमरी-09 जनवरी, गुमला- 09 जनवरी, रायडीह-09 जनवरी, चैनपुर-10 जनवरी, पालकोट-10 जनवरी को आयोजिक की जाएगी.
प्रशासन की नागरिकों से अपील
वहीं, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित प्रखंड स्वास्थ्य मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें. साथ ही, अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूक बनें और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.