Haryana Weather: हरियाणा में फरवरी के बीच ही गर्मी बढ़ने लगी है. हरियाणा में 15 फरवरी को औसतन तापमान 1.2 डिग्री बढ़ा और यह सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा. पलवल में पारा 30.2 डिग्री तक पहुंच गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मौसम फिलहाल शुष्क रहेगा, हालांकि 17–18 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ से कुछ जिलों में हल्की बारिश संभव है. बढ़ती गर्मी से गेहूं-सरसों की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ के ताजा आंकड़े बताते हैं कि 15 फरवरी को पूरे प्रदेश में औसतन 1.2 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ा है. ये तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा रहा, जो फरवरी के हिसाब से काफी ऊपर है. पलवल में तो पारा 30.2 डिग्री पहुंच गया. फरवरी में 30 डिग्री पार करना अपने आप में बड़ी बात है. साफ है कि मौसम तेजी से बदल रहा है. नूंह में 29.5 डिग्री, भिवानी 29, फरीदाबाद 28.9, महेंद्रगढ़ 28.8, हिसार 28.5, सिरसा 27.4, रोहतक 27.1, गुरुग्राम 26.9, अंबाला में 26.2 और चंडीगढ़ में 26.4 डिग्री रहा. हथिनीकुंड, यमुनानगर में सबसे कम 22.3 डिग्री तापमान रहा, जिससे साफ है कि पहाड़ी और नदी किनारे के इलाकों में अभी मौसम थोड़ा ठंडा बना हुआ है.
अच्छी बात ये रही कि सुबह से शाम तक कहीं बारिश नहीं हुई. मौसम पूरी तरह सूखा रहा. लेकिन तापमान की ये बढ़ोतरी किसानों की चिंता बढ़ा रही है. इस समय गेहूं और सरसों को हल्की ठंड चाहिए अगर यूं ही गर्मी बढ़ती रही तो फसल पर असर पड़ सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि आज मौसम सूखा रहेगा. 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ की वजह से सिरसा, फतेहाबाद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम और मेवात के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. बाकी जगह मौसम साफ ही रहेगा. किसानों को सलाह दी गई है कि हल्की सिंचाई करें और फसलों में कीटों पर नजर रखें.
फरीदाबाद में आज दिन का तापमान करीब 28.2 डिग्री और रात का लगभग 14.8 डिग्री रहने का अनुमान है. फरवरी के बीच में ही गर्मी ने हरियाणा में दस्तक दे दी है और आने वाले दिनों में भी तापमान कुछ ऐसा ही रहने वाला है.
About the Author
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.